गौतमबुद्धनगर: मामूरा में पानी संकट पर फूटा किसानों का गुस्सा, भाकियू लोकशक्ति ने नोएडा प्राधिकरण कार्यालय का किया घेराव!!
दो टूक//नोएडा। ग्राम मामूरा में पिछले एक वर्ष से चली आ रही पेयजल समस्या को लेकर सोमवार को भारतीय किसान यूनियन (लोकशक्ति) के बैनर तले किसानों और ग्रामीणों का आक्रोश खुलकर सामने आया। संगठन के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने नोएडा प्राधिकरण के जल महाप्रबंधक कार्यालय का घेराव करते हुए जोरदार धरना-प्रदर्शन किया और गांव में व्याप्त जल संकट के समाधान की मांग उठाई। धरने की अध्यक्षता वरिष्ठ किसान नेता बाबूराम ने की, जबकि संचालन संगठन के सक्रिय पदाधिकारी ओमप्रकाश गुर्जर ने किया।
धरने को संबोधित करते हुए भारतीय किसान यूनियन (लोकशक्ति) के राष्ट्रीय महासचिव चौधरी बीसी प्रधान ने कहा कि नोएडा प्राधिकरण द्वारा गांवों के साथ लगातार सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि ग्राम मामूरा की गली नंबर-1 के निवासी पिछले एक वर्ष से पानी की भारी किल्लत झेल रहे हैं, लेकिन संबंधित अधिकारियों ने समस्या के समाधान की दिशा में कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों की शिकायत है कि पंप ऑपरेटर और संबंधित जेई द्वारा गली नंबर-1 में वाल्व लगाकर पानी का रुख दूसरी ओर मोड़ दिया गया है, जिससे क्षेत्र के लोगों को पर्याप्त जलापूर्ति नहीं मिल पा रही है।
चौधरी बीसी प्रधान ने कहा कि जिस क्षेत्र में रंगाई फैक्ट्रियां और पीजी संचालित हैं, वहां पानी की निर्बाध आपूर्ति की जा रही है, जबकि आम ग्रामीण बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हैं। उन्होंने कहा कि यह स्थिति बेहद चिंताजनक है और प्राधिकरण को ग्रामीणों की मूलभूत समस्याओं के प्रति गंभीरता दिखानी चाहिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो भारतीय किसान यूनियन लोकशक्ति बड़े स्तर पर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
अपने संघर्षशील नेतृत्व और किसानों की समस्याओं को मजबूती से उठाने के लिए पहचान रखने वाले चौधरी बीसी प्रधान ने कहा कि संगठन हमेशा किसानों, मजदूरों और ग्रामीणों के अधिकारों की लड़ाई लड़ता आया है और भविष्य में भी जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि पानी जैसी बुनियादी सुविधा से किसी भी नागरिक को वंचित नहीं रखा जा सकता।
धरने का संचालन कर रहे ओमप्रकाश गुर्जर ने कहा कि मामूरा गांव के लोगों का धैर्य अब जवाब देने लगा है। उन्होंने कहा कि कई बार शिकायतें करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया, जिससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। ओमप्रकाश गुर्जर ने कहा कि संगठन गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याओं को सुन रहा है और उन्हें प्रशासन तक पहुंचाने का कार्य कर रहा है। उन्होंने मांग की कि मामूरा गांव में जल्द से जल्द यूजीआर (अंडरग्राउंड जलाशय) का निर्माण कराया जाए तथा लंबे समय से बंद पड़े पुराने ट्यूबवेल को तत्काल चालू किया जाए, ताकि हजारों ग्रामीणों को राहत मिल सके।
धरने के दौरान भारतीय किसान यूनियन लोकशक्ति के नेताओं ने नोएडा के अन्य गांवों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को भी अधिकारियों के समक्ष रखा और उनके त्वरित समाधान की मांग की। संगठन ने स्पष्ट किया कि यदि जनसमस्याओं के समाधान में लापरवाही बरती गई तो आने वाले समय में व्यापक जनआंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।
धरना-प्रदर्शन में मुख्य रूप से चौधरी बीसी प्रधान, ओमप्रकाश गुर्जर, अजब सिंह भाटी, महेश तंवर, डॉ. बबलू यादव, राजकुमार मोनू, अरुण गौतम, विजयपाल भाटी, हरि अवाना, दीपक जाटव, राजवीर सिंह, धर्मेंद्र, दीपक प्रजापति, प्रमोद प्रजापति, वेदराम, सुनील सहित सैकड़ों किसान एवं ग्रामीण मौजूद रहे।।
