रविवार, 7 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: जेवर पुलिस की बड़ी सफलता: घरों में चोरी और बाइक चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, तीन शातिर गिरफ्तार!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: जेवर पुलिस की बड़ी सफलता: घरों में चोरी और बाइक चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, तीन शातिर गिरफ्तार!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

चोरी के आभूषण, नकदी, चोरी की मोटरसाइकिल और अवैध तमंचा बरामद, कई वारदातों का खुलासा

दो टूक//जेवर/गौतमबुद्धनगर। थाना जेवर पुलिस ने चोरी और वाहन चोरी की घटनाओं का सफल खुलासा करते हुए तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, चोरी की एक मोटरसाइकिल तथा अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में बड़ी सफलता मिली है।

पुलिस के अनुसार 5 जून 2026 को एक पीड़ित ने थाना जेवर में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोरों ने उसके घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। इस संबंध में थाना जेवर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। वहीं 6 जून को दो मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत मिलने पर एक अन्य मुकदमा पंजीकृत किया गया।

घटनाओं के खुलासे के लिए थाना जेवर पुलिस द्वारा दो विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा गोपनीय सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए सिरसा-माचीपुर मार्ग से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान तेजपाल उर्फ छोटा बनिया पुत्र मनोज, कृष्ण उर्फ कुटनिया पुत्र चन्द्रपाल तथा गौरव पुत्र प्रीतम के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर ग्राम रामपुर बांगर से दो मोटरसाइकिलें चोरी की थीं। इसके अलावा कस्बा जेवर और आसपास के क्षेत्रों में कई मकानों में चोरी की घटनाओं को भी अंजाम दिया था।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, सोने-चांदी के आभूषण, कुल 4160 रुपये नकद तथा एक अवैध .315 बोर तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किया है। बरामद आभूषणों में चेन, नाक की लांग, लॉकेट, कमरबंद और कंगन शामिल हैं, जिन्हें हाल ही में हुई चोरी की घटनाओं से जोड़कर देखा जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के अन्य साथियों की तलाश जारी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह सुनसान मकानों और खड़े वाहनों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था।

जेवर पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अपराध नियंत्रण की दिशा में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए लगातार अभियान चलाए जाएंगे।