गौतमबुद्धनगर: नोएडा में नशे के खिलाफ बड़ा अभियान: सेक्टर-63 पुलिस ने 104 लोगों पर की कार्रवाई!!
दो टूक//नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर नशाखोरी और कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सेक्टर-63 पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 104 व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की है। इस अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक स्थलों पर शराब और अन्य मादक पदार्थों के सेवन पर प्रभावी रोक लगाना तथा आमजन के लिए सुरक्षित और अनुशासित वातावरण सुनिश्चित करना है।
पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में तथा डीसीपी/एडीसीपी सेंट्रल नोएडा के पर्यवेक्षण और एसीपी-1 सेंट्रल नोएडा के नेतृत्व में थाना सेक्टर-63 क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने विभिन्न सार्वजनिक स्थानों, बाजारों, सड़कों और अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान सार्वजनिक स्थलों पर शराब अथवा अन्य मादक पदार्थों का सेवन करते पाए गए कुल 104 व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर नशा करने से न केवल सामाजिक वातावरण प्रभावित होता है, बल्कि इससे आम नागरिकों, महिलाओं और बच्चों को भी असुविधा का सामना करना पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए कमिश्नरेट पुलिस लगातार ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है।
अभियान के दौरान पुलिस ने लोगों को जागरूक भी किया और अपील की कि वे सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी प्रकार के नशे का सेवन न करें तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनहित और सार्वजनिक शांति बनाए रखने के लिए भविष्य में भी ऐसे विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई को नशे के खिलाफ चलाए जा रहे व्यापक अभियान का हिस्सा माना जा रहा है, जिसके माध्यम से गौतमबुद्धनगर पुलिस शहर में सुरक्षित, स्वच्छ और अनुशासित माहौल कायम रखने के लिए लगातार प्रयासरत है।।
