गौतमबुद्धनगर: नोएडा पुलिस की बड़ी कामयाबी: 62 किलो से अधिक गांजा बरामद, पश्चिम बंगाल से चल रहे अंतर्राज्यीय तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//नोएडा। कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना फेस-1 क्षेत्र में सक्रिय एक अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 62 किलो 400 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 16 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 25 जून 2026 को थाना फेस-1 पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर सेक्टर-8 स्थित नर्सरी गेट के पास विशेष अभियान चलाया। इस दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर तलाशी ली गई, जिनकी पहचान मौहम्मद मुजफ्फर अंसारी पुत्र जियाबुल अंसारी तथा टिंकू पुत्र रामबाबू के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके पास से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ, जिसके बाद दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी लंबे समय से गांजा तस्करी के धंधे में लिप्त थे और पश्चिम बंगाल से मादक पदार्थों की खेप नोएडा व दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में पहुंचाते थे। तस्करी का तरीका भी बेहद सुनियोजित था। आरोपी गांजे को छोटे-छोटे पैकेटों में पैक कर ट्रेन के माध्यम से दिल्ली तक पहुंचाते थे। शक से बचने के लिए इन पैकेटों को ट्रेन की अलग-अलग बोगियों में रखवाया जाता था। दिल्ली पहुंचने के बाद सभी पैकेटों को एकत्र कर बड़ी बोरियों में रखा जाता और फिर किराये के ऑटो रिक्शा तथा ई-रिक्शा के जरिए फुटकर विक्रेताओं तक सप्लाई की जाती थी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से न केवल एक बड़े अंतर्राज्यीय तस्करी नेटवर्क का खुलासा हुआ है, बल्कि युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले गिरोह को भी बड़ा झटका लगा है। बरामद गांजे की मात्रा और तस्करी के तरीके को देखते हुए पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों तथा सप्लाई चेन से जुड़े लोगों की भी तलाश कर रही है।
गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ थाना फेस-1 में मु0अ0सं0 309/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोग कौन हैं और अब तक कितनी मात्रा में मादक पदार्थों की आपूर्ति की जा चुकी है।
कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस की इस कार्रवाई को नशा तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र में सक्रिय मादक पदार्थ तस्करों के नेटवर्क पर प्रभावी प्रहार हुआ है।।
