गुरुवार, 25 जून 2026

गौतमबुद्धनगर:;निर्जला एकादशी पर फर्स्टवन रिहैब फाउंडेशन के विशेष बच्चों ने बांटा जूस, लस्सी और जलजीरा, 5000 लोगों तक पहुंचाया सेवा का संदेश!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर:;निर्जला एकादशी पर फर्स्टवन रिहैब फाउंडेशन के विशेष बच्चों ने बांटा जूस, लस्सी और जलजीरा, 5000 लोगों तक पहुंचाया सेवा का संदेश!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। निर्जला एकादशी पर फर्स्टवन रिहैब फाउंडेशन के विशेष बच्चों ने बांटा जूस, लस्सी और जलजीरा, 5000 लोगों तक पहुंचाया सेवा का संदेश। सेक्टर-70 स्थित फर्स्टवन रिहैब फाउंडेशन द्वारा सेक्टर-73 स्थित महादेव अपार्टमेंट के पास शीतल पेय वितरण शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर फाउंडेशन के विशेष बच्चों और उनके अभिभावकों ने राहगीरों को जूस, लस्सी, जलजीरा एवं पेयजल वितरित कर मानवता, सेवा और सामाजिक सहभागिता की मिसाल पेश की।

भीषण गर्मी के बीच आयोजित इस सेवा शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। विशेष बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ लोगों को शीतल पेय वितरित किए, जिससे न केवल उन्हें समाज के बीच अपनी भूमिका निभाने का अवसर मिला बल्कि समाज को भी समावेशिता और संवेदनशीलता का संदेश मिला।

फाउंडेशन के निदेशक डॉ. महिपाल सिंह ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल पेय पदार्थ वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में आपसी संबंधों को मजबूत करने और लोगों को एक-दूसरे से जोड़ने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सामाजिक संबंधों की कमी के कारण लोगों के मानसिक स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। मस्तिष्क की न्यूरोप्लास्टिसिटी और डोपामिन स्तर प्रभावित होने से तनाव, चिड़चिड़ापन और निराशा जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं। ऐसे सेवा कार्य लोगों के मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी होते हैं और समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।

फाउंडेशन की सेंटर मैनेजर सुर्भी जैन ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों का उद्देश्य दिव्यांग और विशेष बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना, उनका आत्मविश्वास बढ़ाना और सामाजिक गतिविधियों में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि जब विशेष बच्चे समाज के बीच आकर सेवा कार्य करते हैं तो यह उनके व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

कार्यक्रम में आरडब्ल्यूए सेक्टर-122 के अध्यक्ष शिव कुमार मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। फाउंडेशन की ओर से विशेष बच्चों द्वारा निर्मित हैंडवॉश और शॉल भेंट कर उनका सम्मान किया गया। उन्होंने फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक एकता और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं।

आयोजकों के अनुसार शिविर के दौरान करीब 5000 लोगों को जूस, लस्सी, जलजीरा और पेयजल वितरित किया गया। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने सफाई अभियान भी चलाया, जिसमें महादेव अपार्टमेंट के निवासियों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

इस अवसर पर नरेश प्रधान, अवधेश राणा, आशीष शर्मा, धर्मेंद्र सिंह नेगी, दिनेश पूनिया और गजेंद्र यादव सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने निर्जला एकादशी के धार्मिक महत्व को सेवा, सामाजिक समरसता और जनकल्याण के साथ जोड़ते हुए एक प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया।।