शनिवार, 20 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध खनन पर प्रशासन का बड़ा शिकंजा, 5 जेसीबी मशीनें जब्त!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध खनन पर प्रशासन का बड़ा शिकंजा, 5 जेसीबी मशीनें जब्त!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//गौतमबुद्धनगर। जनपद में अवैध खनन के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में चल रहे मिट्टी के अवैध खनन और परिवहन के कारोबार पर शिकंजा कस दिया है। शनिवार को यमुना प्राधिकरण के सेक्टर-18 एवं आसपास के क्षेत्रों में की गई औचक छापेमारी के दौरान बिना अनुमति मिट्टी का खनन और परिवहन करते पाए जाने पर पांच जेसीबी मशीनों को जब्त कर लिया गया। इस कार्रवाई से अवैध खनन से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया।

जिलाधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गौतमबुद्धनगर के निर्देशों के क्रम में जिला खनन अधिकारी उत्कर्ष त्रिपाठी के नेतृत्व में खनन विभाग की टीम ने यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में निरीक्षण एवं छापेमारी अभियान चलाया। जांच के दौरान मौके पर मौजूद लोगों से खनन कार्य से संबंधित वैध अनुमति पत्र और अन्य अभिलेख मांगे गए, लेकिन कोई भी व्यक्ति आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

निरीक्षण में पाया गया कि बिना किसी वैधानिक अनुमति के मिट्टी का अवैध खनन किया जा रहा था तथा उसका परिवहन भी किया जा रहा था। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर खनन विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके से पांच जेसीबी मशीनों को कब्जे में ले लिया। जब्त मशीनों को जिलाधिकारी के अगले आदेश तक थाना दनकौर की अभिरक्षा में सुपुर्द कर दिया गया है।

जिला खनन अधिकारी उत्कर्ष त्रिपाठी ने बताया कि अवैध खनन एवं परिवहन में पकड़े गए वाहनों और मशीनों के विरुद्ध उत्तर प्रदेश उपखनिज (परिहार) नियमावली-2021 के तहत नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अवैध खनन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में समय-समय पर औचक निरीक्षण और छापेमारी की जा रही है, ताकि प्राकृतिक संसाधनों की लूट को रोका जा सके और सरकारी राजस्व को होने वाले नुकसान से बचाया जा सके।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गौतमबुद्धनगर में अवैध खनन के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कठोर कार्रवाई जारी रहेगी और कानून का उल्लंघन करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।।