बुधवार, 3 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: साड़ियों में छिपाकर दिल्ली-एनसीआर में हो रही थी गांजा तस्करी, नोएडा पुलिस और एसओजी ने गिरोह का किया भंडाफोड़; 25 लाख रुपये का गांजा, 39 साड़ियां बरामद!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: साड़ियों में छिपाकर दिल्ली-एनसीआर में हो रही थी गांजा तस्करी, नोएडा पुलिस और एसओजी ने गिरोह का किया भंडाफोड़; 25 लाख रुपये का गांजा, 39 साड़ियां बरामद!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस को मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना सेक्टर-20 पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए साड़ियों की पैकिंग में गांजा छिपाकर तस्करी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 37 किलो 696 ग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है, तथा तस्करी में प्रयुक्त 39 साड़ियां बरामद की हैं।

पुलिस के अनुसार, 2/3 जून 2026 की रात मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर सेक्टर-17 नोएडा क्षेत्र में संयुक्त अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस ने शुभम पाठक पुत्र राजेश पाठक और शिवम दूबे पुत्र अरुण कुमार दूबे को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी मूल रूप से अयोध्या के निवासी हैं और वर्तमान में दिल्ली के मयूर विहार फेस-2 स्थित ईस्ट विनोद नगर में रह रहे थे।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि पूरे गिरोह का संचालन शुभम पाठक कर रहा था, जो पिछले दो-तीन वर्षों से इस अवैध कारोबार में सक्रिय था। वह पश्चिम बंगाल से विभिन्न कोरियर कंपनियों के माध्यम से साड़ियों की पैकिंग के अंदर गांजा छिपाकर दिल्ली-एनसीआर में सप्लाई करता था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अधूरे और फर्जी पते का इस्तेमाल करते थे तथा पार्सल पहुंचने से पहले ही उसे अपने कब्जे में ले लेते थे, ताकि किसी को संदेह न हो।

अभियुक्तों ने बताया कि गांजे को साड़ियों में छिपाने का मकसद जांच एजेंसियों की नजर से बचना था। बरामद गांजा उच्च गुणवत्ता का बताया जा रहा है, जिसकी बाजार में भारी मांग है और जिसकी कीमत सामान्य गांजे की तुलना में कई गुना अधिक होती है। पुलिस के अनुसार बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 20 से 25 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस जांच में यह भी पता चला है कि मुख्य आरोपी शुभम पाठक का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों और सप्लाई चेन की कड़ियों को तलाशने में जुटी हुई है।

इस संबंध में थाना सेक्टर-20 में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस की इस कार्रवाई को नशा तस्करी के खिलाफ एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय मादक पदार्थ तस्करी के एक संगठित नेटवर्क का खुलासा हुआ है।