नीट यूजी पुनर्परीक्षा: नोएडा से लखनऊ तक हाई अलर्ट, 23 केंद्रों पर 11 हजार से अधिक अभ्यर्थी देंगे परीक्षा!!
दो टूक//नोएडा। नीट यूजी 2026 पुनर्परीक्षा को लेकर उत्तर प्रदेश में व्यापक स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पेपर लीक विवाद के बाद राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित कराई जा रही पुनर्परीक्षा रविवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न होगी। इसी क्रम में गौतमबुद्धनगर में 23 परीक्षा केंद्रों पर 11,302 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:20 बजे तक आयोजित होगी, जबकि केंद्रों में प्रवेश का अंतिम समय दोपहर 1:30 बजे निर्धारित किया गया है।
नोएडा से लखनऊ तक हाई अलर्ट, परीक्षा को देखते हुए प्रशासन, पुलिस, रेलवे और परिवहन विभाग पूरी तरह सतर्क हैं। परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है।
परीक्षा से पहले नोएडा के सेक्टर-46 स्थित भवानी शंकर इंटर कॉलेज में पुलिस अधिकारियों ने मॉक ड्रिल कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान सीसीटीवी कैमरों, प्रवेश द्वारों, परीक्षा कक्षों और स्कूल परिसर के हर हिस्से की गहन जांच की गई। अधिकारियों ने परीक्षा संचालन से जुड़े सभी सुरक्षा मानकों का परीक्षण किया ताकि किसी भी प्रकार की चूक की संभावना न रहे।
इस बार किसी भी निजी स्कूल को परीक्षा केंद्र नहीं बनाया गया है। सभी केंद्र सरकारी संस्थानों में स्थापित किए गए हैं, जहां सुरक्षा और निगरानी के विशेष इंतजाम किए गए हैं। कई अभ्यर्थियों के परीक्षा केंद्रों में बदलाव भी किया गया है, जिसके चलते छात्रों को नया एडमिट कार्ड डाउनलोड करने की सलाह दी गई है।
परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर जैमर, सीसीटीवी कैमरे और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट मौजूद रहेंगे और हर गतिविधि पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। प्रश्नपत्रों की सुरक्षित ढुलाई से लेकर परीक्षा समाप्त होने के बाद उत्तर पुस्तिकाओं के संग्रहण तक की पूरी प्रक्रिया प्रशासनिक निगरानी में होगी।
अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे और उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने भी विशेष व्यवस्थाएं की हैं। रेलवे ने 21 जून को कई परीक्षा स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर-लखनऊ के बीच चार विशेष ट्रेनें संचालित करेगा, जबकि उत्तर रेलवे लखनऊ से वाराणसी और प्रयागराज के लिए विशेष अनारक्षित ट्रेनें चलाएगा। रोडवेज द्वारा भी अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की गई है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार स्टेशनों पर भीड़ और अव्यवस्था से बचने के लिए विशेष क्राउड मैनेजमेंट प्लान लागू किया गया है। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त मेमू रैक भी कानपुर, लखनऊ, प्रयागराज और झांसी समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर उपलब्ध रहेंगे।
जिन शहरों में परीक्षार्थियों की संख्या अधिक है, वहां विशेष होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं। कानपुर में अकेले 26 हजार से अधिक अभ्यर्थियों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं।
पेपर लीक विवाद के बाद आयोजित हो रही इस पुनर्परीक्षा को लेकर प्रशासन कोई जोखिम नहीं लेना चाहता। यही वजह है कि पूरे प्रदेश में सुरक्षा के अभेद्य घेरे के बीच परीक्षा आयोजित की जा रही है, ताकि लाखों अभ्यर्थियों को निष्पक्ष, सुरक्षित और पारदर्शी परीक्षा वातावरण मिल सके।।
