गौतमबुद्धनगर: योग सप्ताह के छठे दिन गौतमबुद्धनगर में दिखा उत्साह, 21 जून को पथिक स्टेडियम और सेक्टर-21 में होगा भव्य अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस आयोजन!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 20 जून। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयुष विभाग गौतमबुद्धनगर द्वारा आयोजित योग सप्ताह के छठे दिन जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में योग अभ्यास शिविरों एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों का उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। कार्यक्रमों में विद्यार्थियों, वरिष्ठ नागरिकों, शिक्षकों, कर्मचारियों तथा आमजन ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और नियमित योगाभ्यास को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
ग्रेटर नोएडा के मलकपुर स्टेडियम में आयोजित योग सत्र में प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी डॉ. परवेज अली की गरिमामयी उपस्थिति रही। प्रतिभागियों ने योगाभ्यास करते हुए स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
योग सप्ताह के अंतर्गत प्राचीन डाकिया बाबा मंदिर स्थित वृद्धाश्रम, सिग्मा-3 ग्रेटर नोएडा में विशेष योग शिविर आयोजित किया गया। वहीं रामलाल वृद्धाश्रम में आयोजित कार्यक्रम में संस्था के अध्यक्ष शिव प्रसाद शर्मा मौजूद रहे। वरिष्ठ नागरिकों ने योगाभ्यास कर स्वास्थ्य लाभ के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
इसके अलावा गलगोटिया कॉलेज परिसर में प्रशासनिक प्रमुख अभिषेक मिश्रा, एमिटी विश्वविद्यालय ग्रेटर नोएडा में निदेशक प्रो. (डॉ.) अजय राणा तथा जीएल बजाज इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट में विद्यार्थियों के अधिष्ठाता डॉ. महावीर सिंह नरूका की उपस्थिति में योग कार्यक्रम आयोजित हुए। इन संस्थानों में विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर योग को दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प लिया।
आयुष विभाग के योग प्रशिक्षक कुलभूषण धर दुबे एवं मनीष धर दुबे ने विभिन्न शिविरों में योगाभ्यास कराया तथा योग के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक लाभों की विस्तृत जानकारी देते हुए नियमित अभ्यास के लिए प्रेरित किया। जनपद के विभिन्न आयुर्वेदिक चिकित्सालयों में तैनात चिकित्सकों, फार्मासिस्टों और कर्मचारियों ने भी योग शिविरों का आयोजन कर लोगों को योग के प्रति जागरूक किया।
क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. वंदना रानी ने बताया कि 21 जून को 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद में भव्य योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्य आयोजन शहीद विजय सिंह पथिक स्टेडियम, ग्रेटर नोएडा तथा इनडोर स्टेडियम, सेक्टर-21 नोएडा में होगा। कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, योग प्रशिक्षकों, विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधियों, विद्यार्थियों और आमजन की व्यापक भागीदारी रहेगी।
उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में योग दिवस कार्यक्रमों में शामिल होकर योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं और स्वस्थ भारत के निर्माण में योगदान दें।।
