गौतमबुद्धनगर: फेस-2 पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 4.5 लाख रुपये का गांजा बरामद, तस्करी करने वाला आरोपी दबोचा गया!!
दो टूक//नोएडा, 20 जून 2026। गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। थाना फेस-2 पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग की मदद से कार्रवाई करते हुए आरोपी के कब्जे से 21 किलो 50 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 4.5 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, शनिवार को दादरी मेन रोड के पास संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर थाना फेस-2 पुलिस ने घेराबंदी कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसकी पहचान तपस मण्डल पुत्र कार्तिक मण्डल निवासी डैरमाही नगर, थाना जियागंज, जिला मुर्शीदाबाद (पश्चिम बंगाल) के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद किया गया।
जांच में सामने आया है कि आरोपी गैर-राज्यों से सार्वजनिक परिवहन के माध्यम से गांजा लाकर दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में उसकी सप्लाई करता था। इसके बाद वह मादक पदार्थ को ऊंचे दामों पर बेचकर अवैध रूप से आर्थिक लाभ अर्जित करता था। पुलिस अब उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई चैन की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
गिरफ्तार आरोपी की उम्र करीब 32 वर्ष बताई गई है और वह आठवीं कक्षा तक शिक्षित है। पुलिस का कहना है कि आरोपी काफी समय से इस अवैध कारोबार में सक्रिय था और उसके आपराधिक नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
इस मामले में थाना फेस-2 पर मु0अ0सं0 250/26, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बरामद गांजे को कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और समाज में सुरक्षित वातावरण बनाए रखने के लिए मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की इस कार्रवाई को नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।।
