शनिवार, 20 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: अंतरराज्यीय लग्जरी कार चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए नोएडा पुलिस ने 24 घंटे में चोरी की थार समेत तीन वाहन बरामद किए, दो शातिर आरोपी गिरफ्तार!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: अंतरराज्यीय लग्जरी कार चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए नोएडा पुलिस ने 24 घंटे में चोरी की थार समेत तीन वाहन बरामद किए, दो शातिर आरोपी गिरफ्तार!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए लग्जरी वाहनों की चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। थाना सेक्टर-58 पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे और निशानदेही से तीन चोरी की लग्जरी कारें तथा एक अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार 19 जून 2026 को थाना सेक्टर-58 पुलिस ने सेक्टर-54 स्थित खरगोश पार्क के पास से नीरज शर्मा और अजय सरकार को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने चोरी की महिंद्रा थार, हुंडई क्रेटा और फोर्ड इकोस्पोर्ट कार बरामद की। वहीं आरोपी नीरज शर्मा के कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ।

पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी बेहद शातिर तरीके से वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। ये लोग लग्जरी वाहन शोरूम और सर्विस सेंटरों के बाहर रेकी कर गार्ड रूम से वाहन की चाबियां चुरा लेते थे और फिर मौका मिलते ही गाड़ियों को लेकर फरार हो जाते थे। चोरी के बाद वाहन के इंजन और चेसिस नंबर से छेड़छाड़ कर उन्हें असम बॉर्डर क्षेत्र के डीलरों के माध्यम से मिजोरम और त्रिपुरा में बेच दिया जाता था।

बरामद महिंद्रा थार को आरोपियों ने सेक्टर-59 स्थित कॉन्सेप्ट महिंद्रा शोरूम के बाहर से चाबी चुराकर चोरी किया था। इस मामले में थाना सेक्टर-58 में दर्ज मुकदमे का पुलिस ने मात्र 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर दिया। बरामद इकोस्पोर्ट कार दिल्ली से चोरी की गई थी, जबकि क्रेटा कार वर्ष 2023 में दिल्ली से चोरी की गई थी और उसके संबंध में पहले से मुकदमा दर्ज है।

पुलिस पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी अब तक करीब 60 चोरी की गाड़ियों को अंतरराज्यीय नेटवर्क के माध्यम से बेच चुके हैं। पुलिस अब इनके अन्य साथियों और पूरे नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।

गिरफ्तार आरोपी नीरज शर्मा उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले का निवासी है, जबकि अजय सरकार पश्चिम बंगाल के कोच बिहार का रहने वाला है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार नीरज शर्मा के खिलाफ वाहन चोरी सहित कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। वहीं अजय सरकार का भी आपराधिक इतिहास सामने आया है।

कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस की इस कार्रवाई को वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य अपराधियों की तलाश और नेटवर्क की जांच जारी है।।