गौतमबुद्धनगर: एसीपी प्रवीण कुमार ने संभाली कमान: सेक्टर-20 क्षेत्र में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, पुलिस को दिए सख्त निर्देश!!
दो टूक//नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधिकारियों द्वारा लगातार क्षेत्र में निगरानी और गश्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन तथा डीसीपी/एडीसीपी नोएडा के पर्यवेक्षण में एसीपी-1 नोएडा प्रवीण कुमार ने थाना सेक्टर-20 क्षेत्र में पुलिस बल के साथ व्यापक फुट पेट्रोलिंग कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
फुट पेट्रोलिंग के दौरान एसीपी प्रवीण कुमार ने बाजारों, प्रमुख मार्गों, सार्वजनिक स्थलों तथा संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण किया और पुलिसकर्मियों को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन में सुरक्षा का भरोसा बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है और इसके लिए क्षेत्र में लगातार सक्रिय उपस्थिति जरूरी है।
निरीक्षण के दौरान एसीपी प्रवीण कुमार ने संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने बैरिकेडिंग लगाकर संदिग्ध वाहनों की सघन चेकिंग करने, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही उन्होंने पुलिस कर्मियों को सतर्कता एवं अनुशासन के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
एसीपी प्रवीण कुमार ने सभी पीसीआर और पीआरवी वाहनों को लगातार भ्रमणशील रहकर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने, आपातकालीन सूचनाओं पर त्वरित प्रतिक्रिया देने तथा आम नागरिकों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का तत्काल समाधान करने के लिए भी निर्देशित किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस की सक्रिय मौजूदगी अत्यंत आवश्यक है।
पुलिस अधिकारियों की इस सक्रियता से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होने की उम्मीद जताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की लगातार गश्त और निगरानी को सुरक्षा की दृष्टि से सकारात्मक पहल बताया है। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर द्वारा जनसुरक्षा, यातायात प्रबंधन और अपराध नियंत्रण को लेकर चलाए जा रहे अभियान लगातार जारी हैं।।
