बुधवार, 3 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: जनगणना-2027 में लापरवाही पर प्रशासन का बड़ा एक्शन: 165 कर्मचारियों पर एफआईआर, अधूरे कार्य पर बढ़ी सख्ती!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: जनगणना-2027 में लापरवाही पर प्रशासन का बड़ा एक्शन: 165 कर्मचारियों पर एफआईआर, अधूरे कार्य पर बढ़ी सख्ती!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//गौतमबुद्धनगर::जनगणना-2027 के महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर प्रशासन ने असहयोग और लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा कराने के लिए विभिन्न विभागों के कर्मचारियों पर कार्रवाई का सिलसिला तेज कर दिया गया है।

जनपद में चल रहे जनगणना-2027 कार्य के तहत कुल 2284 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (HLB) चिन्हित किए गए हैं। इनमें से 1605 HLB पर कार्य प्रगति पर है, जबकि केवल 16 HLB का कार्य पूर्ण हो पाया है। वहीं 654 HLB ऐसे हैं, जहां अब तक कार्य शुरू नहीं हो सका है। वर्तमान स्थिति में लगभग 70 प्रतिशत HLB ही लाइव हो पाए हैं, जिससे निर्धारित लक्ष्य हासिल करने की चुनौती बनी हुई है।

जनगणना जैसे राष्ट्रीय महत्व के अभियान में कई कर्मचारियों द्वारा कार्य में रुचि नहीं लेने, ड्यूटी स्थल पर अनुपस्थित रहने अथवा निर्धारित जिम्मेदारियों का निर्वहन नहीं करने के मामले सामने आए हैं। इसे गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने ऐसे कर्मचारियों के खिलाफ प्रशासनिक, अनुशासनात्मक और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

कार्रवाई के तहत शिक्षा विभाग के 92 अध्यापक एवं सहायक अध्यापक तथा 43 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के खिलाफ संबंधित थानों में एफआईआर दर्ज कराई गई है। इसके अलावा अन्य विभागों के 30 कर्मचारियों पर भी मुकदमा दर्ज किया गया है। इस प्रकार अब तक कुल 165 कर्मचारियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा चुकी है।

प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जनगणना-2027 केवल एक सरकारी प्रक्रिया नहीं, बल्कि देश की विकास योजनाओं, संसाधनों के वितरण और भविष्य की नीतियों के निर्धारण का आधार है। ऐसे में इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही, उदासीनता या असहयोग को स्वीकार नहीं किया जाएगा।

अधिकारियों ने सभी संबंधित कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए कहा है कि जनगणना कार्य में पूर्ण सहयोग सुनिश्चित करें और अपने दायित्वों का निर्वहन समयबद्ध तरीके से करें। अन्यथा नियमों के तहत कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। जनगणना अभियान को सफल बनाने के लिए प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है और प्रगति की समीक्षा की जा रही है।।