गौतमबुद्धनगर: क्रिप्टो करेंसी के नाम पर ठगी का खेल बेनकाब, सेक्टर-20 पुलिस ने दो युवकों को दबोचा; 11.49 लाख रुपये नकद बरामद!!
दो टूक//नोएडा। क्रिप्टो करेंसी दिलाने के नाम पर लोगों को झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना सेक्टर-20 पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के 11 लाख 49 हजार 500 रुपये नकद, एक चेकबुक, डेबिट कार्ड और आधार कार्ड बरामद किया है। मामले में शामिल दो अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 19 जून 2026 को थाना सेक्टर-20 पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस की सहायता से कार्रवाई करते हुए कैम्ब्रिज स्कूल, सेक्टर-27 के पास सर्विस रोड से उमेर खान और अनुराग पारासरी को गिरफ्तार किया। जांच के दौरान आरोपियों के पास मौजूद बैग से भारी मात्रा में नकदी सहित अन्य दस्तावेज बरामद हुए।
गिरफ्तार आरोपी उमेर खान (22 वर्ष) सेक्टर-50 नोएडा का निवासी है और बीबीए स्नातक है, जबकि अनुराग पारासरी (22 वर्ष) मूल रूप से बरेली जनपद का निवासी है तथा वर्तमान में सेक्टर-128 नोएडा में रह रहा था। वह बी.कॉम स्नातक है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी लोगों को क्रिप्टो करेंसी उपलब्ध कराने का झांसा देकर अपने जाल में फंसाते थे। बरामद नकदी और दस्तावेजों के संबंध में भी पुलिस गहन जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में यह धनराशि चोरी और धोखाधड़ी से जुड़ी होने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 11,49,500 रुपये नकद, पीएनबी बैंक की एक चेकबुक, एक डेबिट कार्ड तथा एक आधार कार्ड बरामद किया है। मामले में थाना सेक्टर-20 पर मु0अ0सं0 233/2026 के तहत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में शामिल अन्य दो फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किए जाने की संभावना है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बना चुके हैं और इस गिरोह का नेटवर्क किन-किन क्षेत्रों तक फैला हुआ है।
