गौतमबुद्धनगर पुलिस का बड़ा एक्शन: 3,180 मामलों का खुलासा, 4,823 अपराधी गिरफ्तार, 47.61 करोड़ की संपत्ति बरामद!!
दो टूक//गौतमबुद्धनगर। चोरी एवं वाहन चोरी जैसी संपत्ति संबंधी घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस द्वारा लगातार सख्त और सुनियोजित कार्रवाई की जा रही है। पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के नेतृत्व में 1 दिसंबर 2022 से 31 मई 2026 तक चलाए गए विशेष अभियानों के दौरान पुलिस ने उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए 3,180 अभियोगों का सफल अनावरण किया है। इस अवधि में 4,823 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया तथा 450 आपराधिक गैंगों का पर्दाफाश किया गया।
कमिश्नरेट पुलिस ने संगठित और सक्रिय अपराधियों के खिलाफ व्यापक स्तर पर अभियान चलाते हुए चोरी एवं अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों का खुलासा किया। कार्रवाई के दौरान 1,681 वाहन बरामद किए गए, जबकि बड़ी संख्या में लैपटॉप, मोबाइल फोन, आरआरयू (RRU), सोने-चांदी के आभूषण, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, घरेलू सामान तथा नकद धनराशि भी बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार बरामद संपत्ति और नकदी का कुल अनुमानित मूल्य 47 करोड़ 61 लाख 13 हजार 916 रुपये है, जो चोरी हुई कुल संपत्ति का लगभग 83.95 प्रतिशत है। यह उपलब्धि न केवल अपराधियों के खिलाफ पुलिस की प्रभावी कार्रवाई को दर्शाती है, बल्कि पीड़ितों को उनकी खोई हुई संपत्ति वापस दिलाने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण सफलता है।
कमिश्नरेट पुलिस द्वारा बरामद की गई संपत्तियों को उनके वास्तविक स्वामियों को वापस सौंपने का कार्य भी प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। इससे आमजन को राहत मिली है और पुलिस के प्रति जनता का विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चोरी, वाहन चोरी और अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध अभियान आगे भी इसी प्रकार जारी रहेगा। संगठित अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
गौतमबुद्धनगर पुलिस की इस प्रभावी कार्यवाही से कमिश्नरेट क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती मिली है। पुलिस प्रशासन ने दोहराया है कि सुरक्षित, भयमुक्त और विश्वासपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए अपराधियों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी !!
