गौतमबुद्धनगर: संपूर्ण समाधान दिवस में उमड़ी फरियादियों की भीड़, 145 शिकायतें दर्ज; अधिकारियों ने मौके पर किया त्वरित निस्तारण!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 20 जून 2026। जनपद गौतमबुद्धनगर की तीनों तहसीलों में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की भीड़ उमड़ पड़ी। संपूर्ण समाधान दिवस में उमड़ी फरियादियों की भीड़, 145 शिकायतें दर्ज; अधिकारियों ने मौके पर किया त्वरित निस्तारण के तहत प्रशासन ने जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठाए। तीनों तहसीलों में कुल 145 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 11 शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के लिए भेजा गया।
तहसील दादरी में जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में अपर आयुक्त मेरठ मंडल, मेरठ भी मौजूद रहे। दोनों अधिकारियों ने आमजन की शिकायतों को सुनते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए। दादरी तहसील में सर्वाधिक 81 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से सात शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया।
जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन जनता की समस्याओं के प्रति अत्यंत संवेदनशील है, इसलिए प्रत्येक शिकायत का निस्तारण पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से स्वयं मौके पर जाकर जांच करने और शिकायतकर्ताओं को संतुष्ट करते हुए गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने को कहा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई कार्यक्रमों का उद्देश्य केवल शिकायत दर्ज करना नहीं, बल्कि लोगों को त्वरित राहत और न्याय उपलब्ध कराना है।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मदन मोहन मणि त्रिपाठी, उप जिलाधिकारी दादरी अनुज नेहरा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
उधर सदर तहसील में अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में सात शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से दो का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
वहीं जेवर तहसील में उप जिलाधिकारी दुर्गेश सिंह की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में 57 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से दो शिकायतों का तत्काल समाधान कर शिकायतकर्ताओं को राहत प्रदान की गई।
जनपद की तीनों तहसीलों में आयोजित इस जनसुनवाई कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि जिला प्रशासन जनता की समस्याओं के समाधान को लेकर गंभीर है और शासन की मंशा के अनुरूप लोगों को त्वरित एवं प्रभावी राहत पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। प्रशासन ने सभी लंबित शिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश देते हुए अधिकारियों को जवाबदेही के साथ कार्य करने को कहा है।।
