शनिवार, 20 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: फैक्ट्री का गार्ड ही निकला मास्टरमाइंड, 7 लाख के मोबाइल मदरबोर्ड स्क्रैप की चोरी का खुलासा; दो गिरफ्तार!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: फैक्ट्री का गार्ड ही निकला मास्टरमाइंड, 7 लाख के मोबाइल मदरबोर्ड स्क्रैप की चोरी का खुलासा; दो गिरफ्तार!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। थाना सेक्टर-63 पुलिस ने एक कंपनी में हुई लाखों रुपये के स्क्रैप चोरी कांड का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से मोबाइल मदरबोर्ड से निकले स्क्रैप पार्ट्स के 82 किलो 200 ग्राम बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 5 से 7 लाख रुपये बताई जा रही है। मामले का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि चोरी की साजिश कंपनी में तैनात एक गार्ड ने ही अपने साथियों के साथ मिलकर रची थी।

पुलिस के अनुसार, 14 जून 2026 को थाना सेक्टर-63 क्षेत्र स्थित रोशन इलेक्ट्रॉनिक कंपनी से मोबाइल के मदरबोर्ड से निकले स्क्रैप पार्ट्स चोरी होने की सूचना प्राप्त हुई थी। शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-63 में मुकदमा दर्ज कर घटना के खुलासे के लिए विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया था।

जांच के दौरान पुलिस ने स्थानीय खुफिया तंत्र की सहायता से शनिवार को पुराने बंद पड़े पेट्रोल पंप, सेक्टर-63 क्षेत्र से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अवनीश यादव और कमर के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से पांच थैलों में भरे मोबाइल मदरबोर्ड के स्क्रैप पार्ट्स बरामद किए, जिनका कुल वजन 82 किलो 200 ग्राम है।

पूछताछ में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी अवनीश यादव संबंधित फैक्ट्री में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत था। उसने अपने कुछ अन्य साथियों के साथ मिलकर कंपनी परिसर से मोबाइल मदरबोर्ड से निकाले गए स्क्रैप को चोरी कराने की योजना बनाई थी। चोरी के बाद स्क्रैप को ठिकाने लगाने की तैयारी की जा रही थी, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने आरोपियों को दबोच लिया।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक बरामद माल की कीमत करीब 5 से 7 लाख रुपये के बीच आंकी गई है। मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी अवनीश यादव पुत्र सुरेश सिंह मूल रूप से औरैया जनपद का निवासी है तथा वर्तमान में गाजियाबाद के बहरामपुर क्षेत्र में रह रहा था। वहीं दूसरा आरोपी कमर गाजियाबाद के भोजपुर थाना क्षेत्र के कलछीना गांव का निवासी है।

थाना सेक्टर-63 पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई को औद्योगिक इकाइयों में होने वाली चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पूरे गिरोह के नेटवर्क का भी खुलासा किया जाएगा।