सोमवार, 22 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों पर नोएडा पुलिस का शिकंजा, एक दिन में 102 लोगों के खिलाफ कार्रवाई!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों पर नोएडा पुलिस का शिकंजा, एक दिन में 102 लोगों के खिलाफ कार्रवाई!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सोमवार को बड़ी कार्रवाई की गई। पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में नोएडा जोन पुलिस ने विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाकर सार्वजनिक स्थलों पर शराब पीकर कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले 102 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, डीसीपी नोएडा साद मियां खान एवं एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह के पर्यवेक्षण में थाना फेस-1 और थाना सेक्टर-58 पुलिस की संयुक्त टीमों ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पार्कों, बाजारों, सड़क किनारे, सार्वजनिक स्थलों तथा अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में शराब का सेवन कर रहे लोगों को चिन्हित किया गया।

अभियान के दौरान कुल 102 व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 292 के अंतर्गत कानूनी कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन करने से आम नागरिकों, महिलाओं और बच्चों को असुविधा होती है तथा कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बनी रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने, हुड़दंग करने और शांति व्यवस्था भंग करने वाले लोगों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि वे कानून का पालन करें और सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासन बनाए रखें।

नोएडा पुलिस का कहना है कि शहर में सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान नियमित रूप से संचालित किए जाएंगे, ताकि आमजन को बेहतर सुरक्षा और स्वच्छ सामाजिक माहौल उपलब्ध कराया जा सके। पुलिस ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध बिना किसी भेदभाव के कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।