सोमवार, 22 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: पुण्यतिथि पर स्व. चौधरी हरशरण सिंह भाटी को श्रद्धांजलि, अशोक भाटी ने उठाई कोचिंग सेंटरों की सुरक्षा की मांग!!

शेयर करें:


गौतमबुद्धनगर: पुण्यतिथि पर स्व. चौधरी हरशरण सिंह भाटी को श्रद्धांजलि, अशोक भाटी ने उठाई कोचिंग सेंटरों की सुरक्षा की मांग!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा, 22 जून। समाजसेवा और जनहित के कार्यों के लिए हमेशा याद किए जाने वाले स्वर्गीय चौधरी हरशरण सिंह भाटी की पुण्यतिथि पर सलारपुर स्थित श्री कृष्णा भवन में श्रद्धांजलि सभा एवं मीठे शरबत की छबील का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय गणमान्य लोगों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लेते हुए स्वर्गीय हरशरण सिंह भाटी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके समाजहित में किए गए कार्यों को स्मरण किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ स्वर्गीय चौधरी हरशरण सिंह भाटी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। उपस्थित लोगों ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए कहा कि उन्होंने जीवनभर समाज की सेवा, जरूरतमंदों की सहायता और जनकल्याण के कार्यों को प्राथमिकता दी। उनके आदर्श आज भी समाज को प्रेरणा देने का कार्य कर रहे हैं।

इस अवसर पर भारतीय किसान यूनियन गौतमबुद्ध नगर के जिलाध्यक्ष एवं किसान नेता अशोक भाटी ने लखनऊ में हुए दर्दनाक कोचिंग सेंटर अग्निकांड पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस हादसे में कई परिवारों ने अपने बच्चों को खो दिया, जिसकी निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।

अशोक भाटी ने प्रदेश और केंद्र सरकार से मांग करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश सहित देशभर के सभी कोचिंग सेंटरों, लाइब्रेरियों और शिक्षण संस्थानों का तत्काल सुरक्षा ऑडिट कराया जाए। उन्होंने कहा कि जिन संस्थानों में अग्निशमन व्यवस्था, आपातकालीन निकास मार्ग और अन्य सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि शिक्षा के मंदिर कहे जाने वाले संस्थानों में छात्रों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। किसी भी संस्थान को निर्धारित सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि कुछ लोग आर्थिक लाभ के लिए सुरक्षा नियमों की अनदेखी कर देश के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है।

किसान नेता अशोक भाटी ने कहा कि यदि समय रहते सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत नहीं किया गया तो भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति हो सकती है। उन्होंने सरकार से प्रभावी निगरानी तंत्र विकसित करने और नियमित निरीक्षण की व्यवस्था लागू करने की मांग की, ताकि छात्रों एवं शिक्षकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

श्रद्धांजलि सभा के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर अग्निकांड में जान गंवाने वाले छात्रों तथा अन्य दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। इसके पश्चात राहगीरों को मीठा शरबत वितरित कर मानव सेवा और परोपकार का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सविंद्र भाटी, ताराचंद भाटी, योगेश भाटी, सुभाष भाटी, चरण सिंह भाटी, सिंहराज गुर्जर, मदन भाटी, ओमवीर भगत, महेश भगत, रामकेश भाटी, कृष्णा भाटी सहित बड़ी संख्या में सामाजिक एवं क्षेत्रीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे। श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने स्वर्गीय चौधरी हरशरण सिंह भाटी के बताए मार्ग पर चलने और समाज सेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प भी लिया।।