सुल्तानपुर :
लोहरामऊ मंदिर से लौट रहे तीन दोस्तों को स्कॉर्पियो ने रौंदा, दो की मौत, एक की हालत गंभीर।
दो टूक : सुलतानपुर जनपद के देहात कोतवाली क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, राममूरत पुत्र छोटई निवासी ग्राम आरडीह, धर्मराज निवासी ग्राम आरडीह तथा विजय बहादुर पुत्र श्रीराम दास निवासी ग्राम लौहर, थाना धम्मौर, एक ही बाइक पर सवार होकर लोहरामा मंदिर क्षेत्र से लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि तीनों किसी लड़की को देखने गए थे और वापस घर आ रहे थे। इसी दौरान देहात कोतवाली क्षेत्र में उनकी बाइक को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने टक्कर मार दी।
हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान राममूरत और धर्मराज की मौत हो गई। वहीं विजय बहादुर (28 वर्ष) की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज चल रहा है।
मृतक राममूरत अपने पीछे एक पुत्र छोड़ गए हैं। वहीं धर्मराज (लगभग 40 वर्ष) के परिवार में तीन बेटे नीरज, धीरज और अन्नू हैं। हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
घटना के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
