आँधीपुर में सादगी के साथ मनाई गयी मुंशी जी की 129वीं जयंती
।।सिद्धेश्वर पाण्डेय।।
दो टूक ,आजमगढ़ । जिले के फूलपुर तहसील के आंधीपुर गांव में रविवार को पूर्व मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश एवं मध्यप्रदेश के पूर्व राज्यपाल स्वर्गीय रामनरेश यादव के पिता आदर्श शिक्षक स्वर्गीय मुंशी गया प्रसाद यादव की 129 वीं जयंती सादगी के साथ मनायी गयी। इस दौरान उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया है। इस दौरान लोगों ने मुंशी गया प्रसाद यादव के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किया ।
पूर्व विश्लेषक हिंडाल्को डॉ सुरेश यादव ने कहा कि मुंशी गया प्रसाद यादव आजादी की लड़ाई के समय एक तरफ जहां बच्चा बच्चा अंग्रेजों से देश को मुक्त कराने के लिए लड़ रहा था तो वहीं मुंशी गया प्रसाद युवाओं में शिक्षा की अलख जगा रहे थे। मुंशी गया प्रसाद 1917 से 1958 तक प्राइमरी पाठशाला अंबारी में अध्यापक रहे। मुंशी जी का विश्वास था कि बिना शिक्षा के सामाजिक की कुरीतियों को दूर नही किया जा सकता। उन्होंने 1950 में जनता जूनियर हाईस्कूल की स्थापना करने के साथ ही इस क्षेत्र में शिक्षा की अलख जगायी थी। जो आज जनता इंटर कालेज अम्बारी के नाम से विख्यात हैं । दया नन्द सरस्वती के विचारों से प्रभावित होकर मुंशी जी ने अम्बारी में आर्य समाज के मंदिर की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका रही ।
मुंशी जी उस समय सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास एवं सबका सहयोग के तहत कार्य करते थे। मुंशी जी के सपनो को साकार करने के लिए मुंशी के बेटे पूर्व मुख्यमंत्री रामनरेश यादव ने बालिकाओं की शिक्षा के लिए राजकीय इंटर कालेज के साथ गयाप्रसाद स्मारक राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय की स्थापना किया । राजकीय आईटीआई की स्थापना किया । आज जिले में अंबारी क्षेत्र शिक्षा की नगरी के रूप में ख्याति अर्जित कर रहा है।
इस अवसर पर डॉ सुरेश यादव सावित्री यादव, पूनम यादव, नूतन यादव, पूर्व प्रधानाचार्य हरिबंश यादव , कुणाल यादव, बाबूराम यादव, सुरेंद्र यादव , भोनू यादव ,परशुराम यादव , बाल कृष्ण यादव , बाके लाल यादव सहित आदि लोगो ने अपने विचार व्यक्त किये ।
