रविवार, 31 मई 2026

आजमगढ़ :जीवित महिला को मृत दिखाकर राशन कार्ड से नाम काटने का आरोप

शेयर करें:
 ।। सिद्धेश्वर पाण्डेय।।
  दो टूक ,आजमगढ़ । जिले के  फूलपुर तहसील  क्षेत्र के ओरिल बनपुरवा गांव निवासी बलभद्र यादव ने कोटेदार एवं सप्लाई इंस्पेक्टर पर गंभीर आरोप लगाते एसडीएम को शिकायती पत्र सौंपा है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उनकी पत्नी भागीरथी देवी को जीवित होने के बावजूद मृत दर्शाकर राशन कार्ड से नाम हटा दिया गया।
उपजिलाधिकारी फूलपुर अशोक कुमार को दिए गए शिकायती पत्र बालभद्र ने आरोप लगाया है  कि गांव के  कोटेदार द्वारा प्रति यूनिट निर्धारित मात्रा से कम राशन वितरित किया जा रहा था। विरोध करने पर उनका नाम राशन कार्ड से कटवा देने की धमकी दी गई। बाद में राशन लेने पहुंचने पर उन्हें पता चला कि उनकी पत्नी का नाम कार्ड से हटा दिया गया है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि कोटेदार और आपूर्ति निरीक्षक की मिलीभगत से उनकी जीवित पत्नी भागीरथी को मृत दिखाकर नाम काटा गया। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर पत्नी का नाम पुनः राशन कार्ड में जोड़ने, दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने तथा क्षेत्र में राशन वितरण व्यवस्था की जांच कराने की मांग की है। वहीं भागीरथी का कहना है कि मैं अभी जीवित हूं। इसके बाद भी कोटेदार द्वारा मेरा नाम कटवाया गया है। इस संबंध में उपजिलाधिकारी फूलपुर अशोक कुमार का कहना है कि शिकायती पत्र मिला है। इसकी जांच कराई जाएगी। जांच में दोषी पाए जाने पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।