मऊ :
पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे अण्डर पास से तीन हत्यारोपी गिरफ्तार,भेजे गए जेल।
दो टूक : मऊ जनपद के थाना रानीपुर थाने की पुलिस ने हत्या के एक चर्चित मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर के निर्देश पर चलाए जा रहे वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत यह सफलता मिली।
विस्तार :
पुलिस के अनुसार, थाना रानीपुर में दर्ज मु0अ0सं0 60/2026 में नामजद तीन अभियुक्तों को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के इटौरा अंडरपास के नीचे से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आनन्द चौहान (20), योगेश चौहान (21) और अंकित चौहान (22) निवासी ग्राम बस्ती थाना रानीपुर जनपद मऊ के रूप में हुई है।
बताया गया कि पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पंकज कुमार हत्याकांड में शामिल आरोपी जिले से बाहर भागने की फिराक में इटौरा अंडरपास के पास मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही तीनों युवक भागने लगे, लेकिन टीम ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि 10 मई 2026 की रात खिरियां गांव निवासी पंकज कुमार के साथ उनका विवाद और मारपीट हुई थी। घटना में पंकज गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।
इस मामले में थाना रानीपुर पर बीएनएस की धारा 3(5), 105, 110 तथा एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(2)v के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
