मऊ :
सपा कार्यकर्ताओं ने बिजली दर वृद्धि के
विरोध में बैठक,बढ़ोतरी वापस लेने की मांग।
दो टूक : मऊ जनपद के कोपागंज मे समाजवादी पार्टी के कैंप कार्यालय, कोपागंज में पूर्व जिलाध्यक्ष शैलेंद्र यादव 'साधु' की अध्यक्षता में एक आपात एवं आवश्यक शनिवार की शाम बैठक आयोजित की गई। बैठक में उत्तर प्रदेश विद्युत कॉरपोरेशन द्वारा फ्यूल चार्ज के नाम पर 10 प्रतिशत से अधिक बिजली दरों में की गई वृद्धि की कड़ी निंदा करते हुए इसे तत्काल वापस लेने की मांग की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व जिलाध्यक्ष शैलेंद्र यादव 'साधु' ने कहा कि चुनाव के दौरान भारतीय जनता पार्टी ने महंगाई पर नियंत्रण, रोजगार और किसानों को उचित मूल्य दिलाने जैसे वादे किए थे, लेकिन वर्तमान परिस्थितियों में जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता की समस्याओं के समाधान के बजाय उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रही है।
उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ रही महंगाई से आम आदमी का जीवन प्रभावित हो रहा है। बिजली दरों में वृद्धि से किसानों, मजदूरों और मध्यम वर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।
बैठक में जनपद एवं प्रदेश में बढ़ रही हत्या, बलात्कार और अन्य आपराधिक घटनाओं पर भी चिंता व्यक्त की गई। वक्ताओं ने कानून-व्यवस्था की स्थिति को चिंताजनक बताते हुए सरकार से प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
बैठक में वरिष्ठ कार्यकर्ता बन्ने खां, राहुल निषाद, सुरेश पटेल, अतुल राय अधिवक्ता, नगर अध्यक्ष नेसार अहमद सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
