मऊ :
गोलीकांड का पुलिस ने किया खुलासा,पांच आरोपी गिरफ्तार।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जिले के चिरैयाकोट थाना क्षेत्र के करमी गांव में 17 मई को हुए चर्चित गोलीकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक यह हमला पुरानी रंजिश, गैंग वर्चस्व और समझौते के विवाद को लेकर किया गया था।
गिरफ्तार आरोपियों में आदित्य सिंह, जितेंद्र राजभर उर्फ छोटक, रामप्रवेश यादव, रामसेवक यादव और संदीप विश्वकर्मा शामिल हैं। पुलिस ने इन्हें शुक्रवार देर रात करीब 1:35 बजे लग्गूपुर बॉर्डर, थाना मुहम्मदाबाद क्षेत्र से पकड़ा। आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई थार गाड़ी, एक अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार आदित्य सिंह के पास से 315 बोर का कारतूस भी मिला है।
विस्तार:
जानकारी के मुताबिक, पूर्व मंत्री एवं एमएलसी यशवंत सिंह के यहां आयोजित तेरहवीं कार्यक्रम से लौटते समय दो हिस्ट्रीशीटर गैंग आमने-सामने आ गए थे। इसी दौरान मुख्य आरोपी अमन सिंह ने अपने साथियों के साथ मिलकर हिस्ट्रीशीटर अमरेश सिंह पर चार राउंड फायरिंग कर दी। गोली लगने से अमरेश सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने बताया कि घटना की जड़ अक्टूबर 2024 की पुरानी दुश्मनी है। उस समय अमन सिंह ने करण यादव नाम के युवक को गोली मारी थी, जिसके बाद उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ और उसे जेल भेजा गया था।
पुलिस के अनुसार करण यादव और अमरेश सिंह करीबी दोस्त थे। अमन सिंह लगातार अमरेश सिंह पर दबाव बना रहा था कि वह करण यादव के साथ समझौता करा दे, लेकिन अमरेश सिंह ने मना कर दिया। इसी नाराजगी में अमन सिंह और उसके साथियों ने हमला कर गोली चला दी। पुलिस अब मुख्य आरोपी अमन सिंह की तलाश में दबिश दे रही है।
