मऊ :
टीजीटी परीक्षा को निष्पक्ष एवं सुचितापूर्ण संपन्न कराने को लेकर हुई बैठक।
।।देवेंद्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ मुख्य राजस्व अधिकारी दिनेश की अध्यक्षता में उत्तर प्रदेश शिक्षक सेवा चयन आयोग, प्रयागराज द्वारा आयोजित प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) परीक्षा-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी कैंप कार्यालय में स्टेटिक मजिस्ट्रेटों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था तथा आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुपालन की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक गौतम प्रसाद ने परीक्षा संबंधी जानकारी देते हुए बताया कि टीजीटी परीक्षा दिनांक 03 जून एवं 04 जून 2026 को दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली प्रातः 9:30 बजे से 11:30 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 2:30 बजे से 4:30 बजे तक संपन्न होगी। उन्होंने बताया कि जनपद में परीक्षा के लिए 19 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। परीक्षा में कुल 29,297 परीक्षार्थी भाग लेंगे।
मुख्य राजस्व अधिकारी ने कहा कि आयोग की यह एक अत्यंत महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील परीक्षा है। परीक्षा को सकुशल, निर्विघ्न, निष्पक्ष तथा पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूर्ण सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना होगा। उन्होंने निर्देशित किया कि आयोग द्वारा निर्धारित सभी प्रक्रियाओं एवं मानकों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही की स्थिति में संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने स्टेटिक मजिस्ट्रेटों को निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर समय से पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करें तथा प्रश्नपत्रों के वितरण, परीक्षा संचालन एवं उत्तर पुस्तिकाओं के संकलन की पूरी प्रक्रिया पर सतत निगरानी रखें। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की जांच, सीसीटीवी संचालन, विद्युत आपूर्ति तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में बताया गया कि परीक्षा केंद्रों पर आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। परीक्षा अवधि के दौरान केंद्रों के आसपास कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। साथ ही परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सभी संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
मुख्य राजस्व अधिकारी ने कहा कि परीक्षा की गरिमा एवं विश्वसनीयता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी स्टेटिक मजिस्ट्रेटों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, सजगता एवं पारदर्शिता के साथ करें ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी एवं परीक्षा व्यवस्था से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे।
