बुधवार, 6 मई 2026

मऊ : नवागत जिलाधिकारी ने संभाला कार्यभार,जनता के हित में शासन की योजनाओं को प्राथमिकता।||Mau: New District Magistrate takes charge, prioritizes government schemes for the benefit of the public.||

शेयर करें:
मऊ : 
नवागत जिलाधिकारी ने संभाला कार्यभार,जनता के हित में शासन की योजनाओं को प्राथमिकता।
दो टूक :  जनपद मऊ में नवागत जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने विधिवत रूप से अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। 2017 बैच के आईएएस  आनंद वर्द्धन इसके पूर्व गोरखपुर विकास प्राधिकरण में उपाध्यक्ष पद पर कार्यरत थे। इसके अलावा उन्होंने एसीओ ग्रेटर नोएडा, मुख्य विकास अधिकारी मुरादाबाद, उप जिलाधिकारी के पद पर बाराबंकी में भी कार्य किया है।  आनंद वर्द्धन ने प्रशिक्षण के दौरान जनपद चंदौली में भी कार्य किया है।
 कार्यभार ग्रहण करने के पश्चात उन्होंने कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ परिचयात्मक बैठक की तथा शासन की प्राथमिकताओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनहितकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सर्वोच्च प्राथमिकता पर किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से शासन द्वारा जिन बिंदुओं पर नियमित समीक्षा की जा रही है, उसके हेतु कार्य योजना तैयार कर उस पर कार्य करने के निर्देश दिए। शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करने हेतु  उन्होंने प्रत्येक विभाग को प्रेजेंटेशन/कार्य योजना तैयार कर काम करने को कहा। विकास कार्य से जुड़ी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन हेतु उन्होंने अच्छे ढंग से कार्य करने की अपेक्षा की। साथ ही जनपद एवं तहसील मुख्यालयों पर नियमित जनता की समस्याओं को सुनने एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से उसका निस्तारण करने के निर्देश दिए। आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण के दौरान प्राप्त आख्याओं की जांच अधिकारियों द्वारा स्वयं करने के भी निर्देश जिलाधिकारी द्वारा समस्त अधिकारियों को दिए गए। उन्होंने समस्त फाइलों का संचालन ई ऑफिस से करने को कहा। मुख्य सचिव द्वारा साप्ताहिक समीक्षा तथा समय-समय पर माननीय मुख्यमंत्री जी द्वारा की जाने वाली समीक्षाओं के दृष्टिगत बेहतर कार्य योजना तैयार कर उस पर कार्य करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी अधिकारी टीम भावना के साथ कार्य करें तथा शासन की योजनाओं को धरातल पर उतारने में पूर्ण पारदर्शिता एवं जवाबदेही बनाए रखें। 
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी  विवेक कुमार श्रीवास्तव,अपर जिलाधिकारी  सत्यप्रिय सिंह, समस्त उप जिलाधिकारी एवं तहसीलदार सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।