मऊ :
पांच अभ्यर्थियों ने जनपद का बढ़ाया मान,सहकारी समिति एवं पंचायत लेखा परीक्षा विभाग मे हुआ चयन।
।। देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : लखनऊ स्थित लोक भवन में आयोजित समारोह के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा 'सहकारी समिति एवं पंचायत लेखा परीक्षा विभाग' (वित्त विभाग) के नवनियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किया गया। इस चयन प्रक्रिया में जनपद मऊ ने अपनी सफलता का परचम लहराया है, जहां मऊ के कुल 5 मेधावी अभ्यर्थियों को राजकीय सेवा हेतु नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
मुख्यमंत्री योगी जी के हाथों नियुक्ति पत्र पाकर जनपद के युवाओं के चेहरे खिल उठे। जनपद मऊ से चयनित होने वाले अभ्यर्थियों का विवरण निम्नवत है-
अभिषेक गुप्ता सुपुत्र अजीत गुप्ता निवासी कोपागंज मऊ, अमित प्रजापति सुपुत्र जयशंकर प्रजापति निवासी सलाहाबाद मऊ
विनय गुप्ता सुपुत्र पंचदेव गुप्ता निवासी ताजोपुर मऊ, प्रशांत राय सुपुत्र अवध नारायण राय निवासी पिडउथ सिंहपुर, घोसी, मऊ एवं मयंक प्रताप सुपुत्र बलिराम प्रसाद निवासी मुसरदह भीटी मऊ शामिल हैं।
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री जी ने सभी नवनियुक्त कर्मियों को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं और पूरी पारदर्शिता एवं निष्ठा के साथ प्रदेश की सेवा करने का आह्वान किया। जनपद मऊ के इन युवाओं की इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवारों में हर्ष का माहौल है, बल्कि क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए भी यह प्रेरणा का विषय बना हुआ है।
चयनित अभ्यर्थियों ने अपनी सफलता का श्रेय अपनी कड़ी मेहनत और प्रदेश सरकार की पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया को दिया।
कार्यक्रम के दौरान जनपद मऊ के जिला लेखा परीक्षा अधिकारी राजेश गुप्ता उपस्थित रहे।
