गुरुवार, 7 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा के पार्कों के सौंदर्यीकरण में लापरवाही पर सख्त हुई प्राधिकरण की एसीईओ, अधिकारियों से मांगा जवाब!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा के पार्कों के सौंदर्यीकरण में लापरवाही पर सख्त हुई प्राधिकरण की एसीईओ, अधिकारियों से मांगा जवाब!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

15 सितंबर तक डी-पार्क सेक्टर-62 का कार्य पूरा करने के निर्देश, मानसून से पहले पेड़ों की छंटाई और पार्क विकास कार्यों में तेजी लाने पर जोर

नोएडा, 07 मई 2026।
दो टूक//नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्रीमती वंदना त्रिपाठी ने गुरुवार को उद्यान विभाग के कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों में हो रही देरी पर नाराजगी जताई। बोर्ड रूम सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तय समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण कराने के सख्त निर्देश दिए।

बैठक में विशेष रूप से उद्यान खंड प्रथम के अंतर्गत सेक्टर-62 स्थित डी-पार्क के नवीनीकरण कार्यों में हो रही देरी पर असंतोष व्यक्त किया गया। एसीईओ ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी 15 सितंबर 2026 तक हर हाल में कार्य पूरा कराया जाए। इसके साथ ही पार्क के सौंदर्यीकरण कार्यों में शिथिलता बरतने के आरोप में संबंधित उप निदेशक (उद्यान) एवं सहायक निदेशक (उद्यान) खंड प्रथम से स्पष्टीकरण भी मांगा गया है।

समीक्षा के दौरान उद्यान खंड द्वितीय के अंतर्गत सेक्टर-94 स्थित जापानी पार्क के विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि 15 जुलाई 2026 तक वहां वृक्षारोपण सहित सभी आवश्यक कार्य पूर्ण कराकर पार्क के लोकार्पण की तैयारी सुनिश्चित की जाए।

वहीं उद्यान खंड तृतीय के अंतर्गत सेक्टर-91 स्थित डियर पार्क के कार्यों को तेजी से पूरा करने तथा पार्क के मुख्य द्वार के सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। इसके अलावा सेक्टर-167 में प्रस्तावित लेक-व्यू पार्क का आकलन तीन दिन के भीतर तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश भी बैठक में दिए गए।

मानसून को देखते हुए एसीईओ ने शहर की सड़कों और वाहनों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नोएडा के विभिन्न सेक्टरों में पुराने और जर्जर हो चुके पेड़ों की गहन छंटाई कराई जाए तथा सूखी शाखाओं को तत्काल हटाया जाए, ताकि बारिश और तेज हवाओं के दौरान किसी प्रकार की दुर्घटना न हो।

भीषण गर्मी को देखते हुए संविदाकर्मियों एवं विभागीय श्रमिकों के कार्य समय में भी बदलाव किया गया है। निर्देश दिए गए कि सभी कर्मचारी सुबह 7:30 बजे से कार्य प्रारंभ करें, जिससे दोपहर की तेज गर्मी के कारण कार्य प्रभावित न हो और श्रमिकों को राहत मिल सके।

बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि सभी उद्यान अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों की आवासीय कल्याण समितियों (आरडब्ल्यूए) के साथ समन्वय स्थापित करें और स्थानीय समस्याओं पर चर्चा कर उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। प्राधिकरण की इस सख्ती के बाद अब शहर के पार्कों और हरित क्षेत्रों के विकास कार्यों में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।।