गुरुवार, 7 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: पॉक्सो और गंभीर अपराधों में मजबूत पैरवी के निर्देश, एडीएम प्रशासन ने की अभियोजन कार्यों की सख्त समीक्षा!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: पॉक्सो और गंभीर अपराधों में मजबूत पैरवी के निर्देश, एडीएम प्रशासन ने की अभियोजन कार्यों की सख्त समीक्षा!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

महत्वपूर्ण मामलों की नियमित मॉनिटरिंग और दोषमुक्ति प्रकरणों की रिपोर्ट समय से देने के निर्देश

दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 07 मई 2026।
जनपद में लंबित गंभीर आपराधिक मामलों और शासन की प्राथमिकता वाले वादों के प्रभावी निस्तारण को लेकर गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी प्रशासन की अध्यक्षता में अभियोजन कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शासकीय अधिवक्ताओं के साथ विभिन्न महत्वपूर्ण मामलों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने कहा कि पॉक्सो एक्ट सहित अन्य गंभीर अपराधों से जुड़े मामलों की शासन स्तर पर लगातार निगरानी की जा रही है। ऐसे मामलों में शासकीय अधिवक्ताओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रकरण में तथ्यों को मजबूती के साथ न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाए, ताकि पीड़ितों को समयबद्ध न्याय मिल सके और अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित हो।

उन्होंने कहा कि अभियोजन कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी महत्वपूर्ण मामलों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा समय-समय पर अद्यतन प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए। इसके साथ ही जिन मामलों में न्यायालय द्वारा दोषमुक्ति दी गई है, उन प्रकरणों की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर समय से प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए, जिससे उच्च स्तर पर आवश्यक विधिक निर्णय लिए जा सकें।

अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने अभियोजन प्रणाली को और अधिक प्रभावी एवं जवाबदेह बनाने पर बल देते हुए कहा कि बेहतर समन्वय और मजबूत रणनीति के माध्यम से अधिक से अधिक मामलों का निस्तारण शासन हित में कराया जाए। उन्होंने संवेदनशील मामलों में विशेष सतर्कता बरतने और प्रत्येक स्तर पर जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में उप जिलाधिकारी जेवर दुर्गेश सिंह, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी अनुराग सारस्वत सहित समस्त शासकीय अधिवक्तागण उपस्थित रहे।।