गौतमबुद्धनगर: भीषण गर्मी से निपटने की तैयारी तेज: जिलाधिकारी ने हीट वेव एक्शन प्लान पर कसी कमर, सभी विभागों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 05 मई 2026।
जनपद में बढ़ती भीषण गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें हीट वेव से निपटने के लिए व्यापक रणनीति तैयार की गई और सभी संबंधित विभागों को समन्वित एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में बताया गया कि शासन के निर्देशानुसार जनपद का सिटी हीट एक्शन प्लान तैयार कर लिया गया है, जिसे अब सख्ती के साथ लागू किया जाएगा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि आमजन को लू और गर्मी के दुष्प्रभाव से बचाना प्रशासन की प्राथमिकता है, इसके लिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
स्वास्थ्य सेवाओं को 24 घंटे सतर्क रहने के निर्देश
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया कि सभी प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर 24 घंटे चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही पर्याप्त दवाएं, ओआरएस और अन्य आवश्यक तरल पदार्थों का स्टॉक बनाए रखा जाए। 108 और 102 एम्बुलेंस सेवाओं को पूरी तरह सक्रिय रखने और सन स्ट्रोक से बचाव के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।
बस अड्डों, सार्वजनिक स्थलों पर पेयजल और छाया की व्यवस्था
परिवहन विभाग को बस अड्डों पर यात्रियों के लिए छाया और शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। वहीं नगर निकाय और पंचायती राज विभाग को सार्वजनिक स्थानों पर प्याऊ और कूलिंग सेंटर संचालित करने के निर्देश दिए गए।
पशु-पक्षियों के लिए भी विशेष इंतजाम
पशुपालन विभाग को मवेशियों के लिए पानी, टीकाकरण और छाया की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही वन विभाग को वनीकरण बढ़ाने और अग्निशमन विभाग को 24 घंटे अलर्ट मोड में रहने को कहा गया।
स्कूलों और कार्यस्थलों के लिए विशेष एडवाइजरी
शिक्षा विभाग को विद्यालयों में पेयजल, पंखे और बिजली की व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा विद्यार्थियों को हीट वेव से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करने को कहा गया।
वहीं श्रम विभाग को निर्देशित किया गया कि निर्माण स्थलों पर दोपहर के समय कार्य न कराया जाए और इस अवधि को विश्राम के लिए निर्धारित किया जाए। श्रमिकों के लिए ठंडा पानी, छाया और ओआरएस की उपलब्धता भी सुनिश्चित करने को कहा गया।
बिजली और आपात सेवाओं पर विशेष फोकस
विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए गए ताकि गर्मी के दौरान लोगों को राहत मिल सके। साथ ही रेड लाइट चौराहों पर दोपहिया चालकों के लिए छायादार ग्रीन मैट लगाने की पहल भी करने को कहा गया।
गैस पाइपलाइन सुरक्षा पर भी जोर
बैठक के दौरान गेल (इंडिया) लिमिटेड द्वारा गैस पाइपलाइन सुरक्षा पर प्रस्तुति दी गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि पाइपलाइन नेटवर्क की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और इसके आसपास किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या खुदाई पर सख्ती से रोक लगाई जाए। आमजन को भी इस संबंध में जागरूक करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों की अनुपस्थिति पर जताई नाराजगी
बैठक में तीनों प्राधिकरणों से एसीईओ स्तर के अधिकारियों की अनुपस्थिति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए जवाबदेही तय करने के संकेत दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अतुल कुमार, उप जिलाधिकारी आशुतोष गुप्ता, मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे, डिप्टी सीएमओ डॉ. टीकम सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि हीट वेव को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और जनपदवासियों की सुरक्षा के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।।
