शिक्षामित्रों का सम्मान, बढ़े मानदेय से उत्साह — गौतमबुद्धनगर में भव्य समारोह, गोरखपुर कार्यक्रम का लाइव प्रसारण!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
गौतमबुद्धनगर, 05 मई 2026।
दो टूक//जनपद गौतमबुद्धनगर में शिक्षामित्र सम्मान एवं बढ़े हुए मानदेय वितरण को लेकर एक भव्य और गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम प्रदेश स्तर पर योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में गोरखपुर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम से जुड़ा रहा, जिसका सजीव प्रसारण जिले के कार्यक्रम स्थल पर बड़ी उत्सुकता के साथ देखा गया।
ग्रेटर नोएडा स्थित जीएनआईओटी कॉलेज के ऑडिटोरियम में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षामित्र, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने गोरखपुर से प्रसारित मुख्यमंत्री के संबोधन को गंभीरता से सुना, जिसमें शिक्षामित्रों के योगदान, शिक्षा सुधार और सरकार की नीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्यमंत्री के संदेश से उपस्थित शिक्षामित्रों में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार देखने को मिला।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री जसवंत सिंह सैनी ने शिरकत की। उनके साथ जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चौधरी, विधायक धीरेंद्र सिंह, विधायक तेजपाल नागर, जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, महानगर अध्यक्ष महेश चौहान सहित कई गणमान्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रशासनिक स्तर पर जिलाधिकारी मेधा रूपम, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवाकांत द्विवेदी समेत शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
अपने संबोधन में मंत्री जसवंत सिंह सैनी ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षामित्रों के मानदेय में वृद्धि सरकार की उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने शिक्षामित्रों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि वे प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था की मजबूत कड़ी हैं और आने वाले समय में शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने में उनकी भूमिका अहम रहेगी।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण शिक्षामित्रों को ₹18,000 मानदेय के प्रतीकात्मक चेक का वितरण रहा। इस दौरान जनपद के 628 शिक्षामित्रों और 38 अनुदेशकों को मानदेय वृद्धि का लाभ मिलने की जानकारी दी गई। सम्मान पाकर शिक्षामित्रों के चेहरे पर खुशी और संतोष साफ झलक रहा था।
इसके अलावा कार्यक्रम स्थल पर शिक्षा विभाग द्वारा विभिन्न स्टॉल भी लगाए गए, जिनमें शैक्षिक नवाचार, आधुनिक शिक्षण सामग्री, डिजिटल शिक्षा के उपकरण और सरकारी योजनाओं की जानकारी प्रदर्शित की गई। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने इन स्टॉलों का गहन अवलोकन किया और नवाचारों की सराहना की।
समारोह पूरे उत्साह, अनुशासन और भव्यता के साथ संपन्न हुआ। यह आयोजन न केवल शिक्षामित्रों के सम्मान का प्रतीक बना, बल्कि शिक्षा के क्षेत्र में सरकार की प्राथमिकताओं और प्रतिबद्धता को भी मजबूती से सामने लाया।।
