गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में किन्नर हत्याकांड का खुलासा: नॉलेज पार्क पुलिस से मुठभेड़ में आरोपी गिरफ्तार!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र में हुए चर्चित किन्नर हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में आरोपी घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा और कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 24 मई 2026 को ग्राम तुगलपुर स्थित क्षेत्र में किन्नर मनोरंजन शर्मा उर्फ चांदनी का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। घटना की सूचना मिलते ही थाना नॉलेज पार्क पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया।
जांच के दौरान पुलिस को आरोपी की लोकेशन मिलने पर मंगलवार को सेक्टर-148 मेट्रो लाइन की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर घेराबंदी की गई। इसी दौरान आरोपी अभिषेक उर्फ मोना उर्फ मानव ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर फरार होने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी को घायल अवस्था में दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अभिषेक उर्फ मोना उर्फ मानव पुत्र चतर सिंह निवासी ग्राम तालिम नगर थाना हरदुआगंज, अलीगढ़ तथा वर्तमान निवासी तुगलपुर, थाना नॉलेज पार्क, गौतमबुद्धनगर के रूप में हुई है। आरोपी की उम्र करीब 26 वर्ष बताई जा रही है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक .315 बोर तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। वहीं आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
इस मामले में थाना नॉलेज पार्क पर मु0अ0सं0 106/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों को भी खंगाला जा रहा है।।
