गौतमबुद्धनगर: किर्लोस्कर कम्पनी में चोरी करने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, जारचा पुलिस ने अवैध तमंचा और चोरी का सामान किया बरामद!!
ग्रेटर नोएडा। थाना जारचा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कम्पनी से कॉपर तार चोरी करने और बकरी चोरी जैसी घटनाओं में वांछित चल रहे एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया कॉपर तार, चोरी की मोटरसाइकिल और अवैध तमंचा बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 24 मई 2026 को थाना जारचा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए समाना नहर के पास से अभियुक्त दुष्यन्त पुत्र बहादुर सिंह निवासी ग्राम ऊंचा अमीरपुर थाना जारचा, गौतमबुद्धनगर को गिरफ्तार किया। आरोपी लंबे समय से चोरी की वारदातों में वांछित चल रहा था।
जांच में सामने आया कि अभियुक्त ने 15 नवंबर 2025 को किर्लोस्कर कम्पनी एनटीपीसी से कॉपर तार चोरी की घटना को अंजाम दिया था। इस मामले में थाना जारचा में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके अलावा आरोपी ने 10 दिसंबर 2025 को कस्बा जारचा क्षेत्र में बकरी चोरी की घटना भी की थी, जिसमें वह पुलिस की तलाश में चल रहा था।
पुलिस पूछताछ में आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, हापुड़ और बुलंदशहर के विभिन्न थानों में चोरी, आर्म्स एक्ट, धोखाधड़ी और अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी शातिर प्रवृत्ति का अपराधी है और पूर्व में भी कई घटनाओं में जेल जा चुका है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 25 किलो कॉपर तार, एक चोरी की पैशन प्रो मोटरसाइकिल और एक अवैध .315 बोर तमंचा व जिंदा कारतूस बरामद किया है। बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है।
थाना जारचा पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर अन्य वारदातों के संबंध में भी जानकारी जुटाने में लगी हुई है।।
