गौतमबुद्धनगर: साजन भाटी हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता, दो और वांछित आरोपी गिरफ्तार!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा के थाना सूरजपुर क्षेत्र के चर्चित साजन भाटी हत्याकांड में पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। थाना सूरजपुर पुलिस ने हत्या के मामले में फरार चल रहे दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई के बाद अब तक इस सनसनीखेज हत्याकांड में कुल 8 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पुलिस के अनुसार, बीती 5/6 मई 2026 की रात ग्राम साकीपुर में नाली के पानी की निकासी और कूड़ा डालने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। मामूली कहासुनी देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई, जिसमें साजन भाटी को गोली मार दी गई। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया था।
मृतक के चाचा की तहरीर पर थाना सूरजपुर में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही थी।
इसी क्रम में 24 मई 2026 को थाना सूरजपुर पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस की मदद से घटना में वांछित दो आरोपियों गौरव उर्फ भोला और मनीष उर्फ मन्नू को ईएनटी की तरफ जाने वाले बंद रास्ते से गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी ग्राम साकीपुर के रहने वाले हैं और विवेचना के दौरान उनके नाम प्रकाश में आए थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गौरव उर्फ भोला (21 वर्ष) एवं मनीष उर्फ मन्नू (19 वर्ष) पुत्रगण ऋषिपाल निवासी ग्राम साकीपुर थाना सूरजपुर, गौतमबुद्धनगर के रूप में हुई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं गांव में किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस सतर्कता बनाए हुए है।।
