गौतमबुद्धनगर: तुगलपुर में किन्नर की बेरहमी से हत्या, सिर पर चोट के निशान मिलने से फैली सनसनी!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र स्थित तुगलपुर गांव में किन्नर की हत्या की वारदात से इलाके में दहशत और सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मनोरंजन शर्मा उर्फ चांदनी के रूप में हुई है। रविवार को संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
बताया जा रहा है कि चांदनी के सिर और शरीर पर चोट के गंभीर निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई है। घटना की सूचना मिलते ही नॉलेज पार्क थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी।
मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों और एफएसएल टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद आसपास के लोगों में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हर एंगल से मामले की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले में गहन जांच जारी है और आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।।
