गौतमबुद्धनगर में सनसनी: शादी से इनकार पर सनकी आशिक बना हैवान, आधी रात गर्लफ्रेंड के परिवार पर चाकू से हमला, मां की मौत!!
दो टूक// नोएडा के हरौला गांव स्थित सेक्टर-5 में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां शादी से इनकार करने पर एक सनकी प्रेमी ने आधी रात अपनी कथित गर्लफ्रेंड के परिवार पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस खूनी हमले में मां की मौत हो गई, जबकि पिता और दो बेटियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों में दहशत का माहौल है।
पुलिस के मुताबिक, 23/24 मई 2026 की रात थाना फेस-1 क्षेत्र के सेक्टर-5 स्थित हरौला गांव में सुरेंद्र शर्मा अपनी पत्नी संजू देवी और दो बेटियों के साथ किराये के मकान की छत पर सो रहे थे। तभी देर रात एक युवक वहां पहुंचा और सो रहे परिवार पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से परिवार चीख-पुकार मचाते हुए लहूलुहान हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा सभी घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान संजू देवी ने दम तोड़ दिया, जबकि सुरेंद्र शर्मा और उनकी दोनों बेटियों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी युवक परिवार के पास ही किराये पर रहता था और वह युवती पर लंबे समय से शादी का दबाव बना रहा था। परिवार द्वारा विरोध किए जाने के बाद उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस के उच्च अधिकारी, फॉरेंसिक टीम और थाना फेस-1 पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपी की तलाश में कई टीमों का गठन किया गया है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं इस दर्दनाक घटना के बाद हरौला गांव में मातम पसरा हुआ है और स्थानीय लोग आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।।
