शुक्रवार, 15 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: कटे हुए वीडियो से उठे विवाद पर राजकुमार भाटी ने दी सफाई, पूरा भाषण आने के बाद बदला माहौल!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: कटे हुए वीडियो से उठे विवाद पर राजकुमार भाटी ने दी सफाई, पूरा भाषण आने के बाद बदला माहौल!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा/दादरी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी इन दिनों एक कथित विवादित टिप्पणी को लेकर राजनीतिक और सामाजिक बहस के केंद्र में हैं। नोएडा, ग्रेटर नोएडा, दादरी से लेकर प्रदेश और देशभर में उनके बयान को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है। सोशल मीडिया पर वायरल किए गए एक छोटे वीडियो क्लिप के आधार पर उन पर ब्राह्मण समाज को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप लगाए गए, जिसके बाद भाजपा समर्थकों, आरएसएस से जुड़े कुछ लोगों तथा ब्राह्मण संगठनों ने विरोध दर्ज कराया।

हालांकि अब इस पूरे विवाद को लेकर नया मोड़ सामने आया है। राजकुमार भाटी की ओर से लगातार यह कहा जा रहा था कि उनके बयान को संदर्भ से काटकर पेश किया गया है। इसी बीच दिल्ली विश्वविद्यालय में असिस्टेंट प्रोफेसर रह चुके डॉ. लक्ष्मण यादव ने एक विस्तृत वीडियो जारी कर पूरे मामले की पृष्ठभूमि और वास्तविक संदर्भ को सामने रखा है।

पूरा भाषण सामने आने के बाद विवाद की तस्वीर बदली

डॉ. लक्ष्मण यादव द्वारा जारी वीडियो में उस कार्यक्रम के पूरे भाषण का उल्लेख किया गया है, जिसमें राजकुमार भाटी ने समाज में फैली जातीय मानसिकता और जातिगत भेदभाव पर अपनी बात रखी थी। वीडियो के अनुसार भाटी समाज में प्रचलित उन कहावतों और मुहावरों का उदाहरण दे रहे थे, जिन्हें वर्षों से विभिन्न जातियों को अपमानित करने या नीचा दिखाने के लिए इस्तेमाल किया जाता रहा है।

बताया गया कि वायरल किए गए वीडियो में भाषण के उसी हिस्से को अलग करके प्रसारित किया गया, जिससे ऐसा प्रतीत हो कि उन्होंने किसी विशेष समाज के खिलाफ टिप्पणी की हो। जबकि पूरे भाषण में उनका मुख्य उद्देश्य जातिवाद और सामाजिक विभाजन की मानसिकता पर सवाल उठाना था।

राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बीच बढ़ी बहस

इस प्रकरण के सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में भी बहस तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के समर्थकों का कहना है कि राजकुमार भाटी के बयान को जानबूझकर तोड़-मरोड़कर पेश किया गया, ताकि राजनीतिक लाभ लिया जा सके। वहीं विरोधी दल अब भी उनके बयान पर सवाल उठा रहे हैं।

सोशल मीडिया पर भी इस मुद्दे को लेकर दो तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। एक वर्ग पूरे भाषण को सुनने के बाद इसे गलत तरीके से पेश किए जाने की बात कह रहा है, जबकि दूसरा वर्ग इस विवाद को लेकर अपनी नाराजगी जता रहा है।

किसान आंदोलन और पत्रकारिता से राजनीति तक का सफर

राजकुमार भाटी मूल रूप से ग्रेटर नोएडा क्षेत्र के लुहारली गांव के निवासी हैं और वर्तमान में डेल्टा-3 में रहते हैं। छात्र जीवन से ही पत्रकारिता और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहे भाटी ने कई समाचार पत्रों में संवाददाता के रूप में कार्य किया। वह ‘गांव-देहात’ समाचार पत्र के संपादक भी रह चुके हैं।

उन्होंने दादरी स्थित सम्राट मिहिर भोज डिग्री कॉलेज में अध्यापन कार्य भी किया। किसान और ग्रामीण मुद्दों पर सक्रिय रहने के कारण उनका झुकाव राजनीति की ओर बढ़ा और बाद में वे समाजवादी पार्टी से जुड़ गए। दादरी विधानसभा क्षेत्र से कई बार चुनाव लड़ चुके राजकुमार भाटी आज टीवी डिबेट्स में समाजवादी पार्टी का प्रमुख चेहरा माने जाते हैं।

वीडियो के बाद समर्थकों ने उठाई निष्पक्ष जांच की मांग

पूरा वीडियो सामने आने के बाद राजकुमार भाटी के समर्थकों ने मामले की निष्पक्ष जांच और तथ्यों के आधार पर चर्चा करने की मांग उठाई है। उनका कहना है कि सोशल मीडिया के दौर में किसी भी बयान को संदर्भ से काटकर वायरल करना आसान हो गया है, जिससे समाज में भ्रम और तनाव की स्थिति पैदा होती है।

अब देखना यह होगा कि पूरे भाषण के सामने आने के बाद यह विवाद शांत होता है या आने वाले दिनों में राजनीतिक बयानबाजी और तेज होती है।।