मंगलवार, 26 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में युवक की आत्महत्या से सनसनी: दुकान मालिक पर प्रताड़ना और झूठे आरोप लगाने का आरोप!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में युवक की आत्महत्या से सनसनी: दुकान मालिक पर प्रताड़ना और झूठे आरोप लगाने का आरोप!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

ग्रेटर नोएडा के थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र में एक युवक की आत्महत्या का मामला सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान महोबा निवासी 22 वर्षीय शिवम के रूप में हुई है, जो रामपुर बीटा-1 स्थित श्याम ट्रेडर्स पर नौकरी करता था। परिजनों ने दुकान मालिक पर मानसिक प्रताड़ना, मारपीट और झूठा चोरी का आरोप लगाने का गंभीर आरोप लगाया है।

परिजनों के अनुसार, शिवम पर दुकान मालिक ने चोरी का झूठा आरोप लगाया था। आरोप है कि इसके बाद उसके साथ मारपीट की गई और उसका मोबाइल फोन व बाइक भी छीन ली गई। इन घटनाओं से शिवम लगातार मानसिक तनाव में रहने लगा था।

बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन शिवम घर से तनाव की हालत में निकला था। कुछ देर बाद उसका शव थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र के एक पार्क में फांसी के फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

मृतक की मां सावित्री ने पुलिस को लिखित शिकायत देते हुए दुकान मालिक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि बेटे को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था, जिसकी वजह से उसने यह आत्मघाती कदम उठाया।

घटना के बाद परिवार और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। परिजनों ने चेतावनी दी है कि आरोपी की गिरफ्तारी तक वे शिवम का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।

फिलहाल थाना नॉलेज पार्क पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों की शिकायत के आधार पर सभी बिंदुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।।