मंगलवार, 26 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में शिक्षक की संदिग्ध मौत से सनसनी, बंद कमरे में फंदे पर लटका मिला शव!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में शिक्षक की संदिग्ध मौत से सनसनी, बंद कमरे में फंदे पर लटका मिला शव!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//उत्तर प्रदेश के हाईटेक शहर Noida में आत्महत्या और संदिग्ध मौतों की घटनाएं लगातार चिंता का विषय बनती जा रही हैं। ताजा मामला थाना फेस-3 क्षेत्र के सेक्टर-66 स्थित श्रमिक कुंज कॉलोनी का है, जहां एक निजी स्कूल में कार्यरत शिक्षक का शव बंद कमरे में फांसी के फंदे से लटका मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

मृतक की पहचान सोनू के रूप में हुई है, जो बच्चों को पढ़ाने का कार्य करता था और एक निजी स्कूल में शिक्षक के पद पर कार्यरत था। बताया जा रहा है कि देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में उसका शव कमरे के अंदर पंखे से लटका मिला। काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर आसपास के लोगों को शक हुआ, जिसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही थाना फेस-3 पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खुलवाकर शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और शोक का माहौल है। स्थानीय लोग इस घटना को लेकर हैरानी जता रहे हैं।

प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। फिलहाल आत्महत्या के पीछे के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मृतक के परिजनों और परिचितों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सके।

पुलिस का कहना है कि शव का पंचनामा भरकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। वहीं, लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने एक बार फिर लोगों को मानसिक तनाव और सामाजिक दबाव जैसे मुद्दों पर सोचने को मजबूर कर दिया है।।