गौतमबुद्धनगर: सवारी बनकर पुलिसकर्मी को लूटने वाले बदमाश से दादरी पुलिस की मुठभेड़, गोली लगने के बाद गिरफ्तार!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा/दादरी। गौतमबुद्धनगर के थाना दादरी क्षेत्र में पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में पुलिस ने एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर सादा वर्दी में घर लौट रहे एक पुलिसकर्मी को सवारी के बहाने कार में बैठाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और घटना में प्रयुक्त वैगनआर कार बरामद की है, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, 20/21 मई 2026 की रात एक पुलिसकर्मी सादा वस्त्रों में अपने घर जा रहा था। इसी दौरान बदमाशों ने उसे सवारी ले जाने का झांसा देकर अपनी कार में बैठाया और रास्ते में उसके साथ लूट की घटना को अंजाम दिया। घटना की जानकारी मिलते ही थाना दादरी पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही थीं।
रविवार देर रात थाना दादरी पुलिस को सूचना मिली कि घटना में शामिल आरोपी क्षेत्र में मौजूद है। इसके बाद पुलिस ने पेरीफेरल अंडरपास के पास चिटहरा नहर क्षेत्र में घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने भागने का प्रयास किया और फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी रंजीत कुमार के पैर में लगी, जिसके बाद उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रंजीत कुमार पुत्र रामसेवक निवासी ग्राम जिटोली, थाना निधौली कलां, जनपद एटा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक .315 बोर तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त वैगनआर कार (UP82AT4295) बरामद की है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। वहीं फरार दो अन्य बदमाशों की तलाश में पुलिस लगातार कॉम्बिंग अभियान चला रही है। थाना दादरी में आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0 0223/2026 के तहत धारा 352, 351(B) और 309(6) बीएनएस में मुकदमा दर्ज है।
