सोमवार, 25 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार बाइक स्कूल की दीवार से टकराई, युवक की मौत, दोस्त गंभीर!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार बाइक स्कूल की दीवार से टकराई, युवक की मौत, दोस्त गंभीर!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा के सेक्टर-128 स्थित ग्राम असगरपुर के पास सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम छा गया।

मिली जानकारी के अनुसार सेक्टर-135 क्षेत्र स्थित एक स्विमिंग पूल पर नहाने के बाद कई दोस्त अलग-अलग बाइकों से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रमन अपने एक दोस्त के साथ बाइक पर सवार होकर जा रहा था। बताया जा रहा है कि रास्ते में बाइक अचानक असंतुलित हो गई और ग्राम असगरपुर के पास स्थित उच्च प्राथमिक स्कूल की दीवार से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

हादसे के तुरंत बाद साथ चल रहे दोस्तों ने दोनों घायलों को आनन-फानन में नजदीकी मैक्स हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया। लेकिन गंभीर चोटों के चलते रमन ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं उसका दोस्त अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है।

बताया जा रहा है कि मृतक रमन थाना सेक्टर-24 क्षेत्र के सेक्टर-52 स्थित गिझोड़ गांव का रहने वाला था और एक ब्लैंकेट कंपनी में काम करता था। रमन की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना की सूचना मिलने पर थाना सेक्टर-126 पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और बाइक का असंतुलित होना माना जा रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि एक्सप्रेसवे और आसपास के मार्गों पर तेज गति से वाहन चलाने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।।