रविवार, 31 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: वेदपुरा हत्याकांड में पुलिस की बड़ी सफलता, मुख्य साजिशकर्ता समेत दो आरोपी दबोचे; हत्या में प्रयुक्त हथियार और बाइक बरामद!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: वेदपुरा हत्याकांड में पुलिस की बड़ी सफलता, मुख्य साजिशकर्ता समेत दो आरोपी दबोचे; हत्या में प्रयुक्त हथियार और बाइक बरामद!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। थाना इकोटेक-3 क्षेत्र के वेदपुरा हत्याकांड में गौतमबुद्धनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने हत्या के मुख्य साजिशकर्ता और 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी समेत दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पिस्टल, अवैध हथियार, कारतूस और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।

पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के अनुसार थाना इकोटेक-3 पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से कार्रवाई करते हुए वेदपुरा निवासी प्रीत नागर और उसके सहयोगी दीपक उर्फ क्रिश नागर को खैरपुर गोल चक्कर के पास सर्विस रोड से गिरफ्तार किया। प्रीत नागर इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी था और उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने प्रीत नागर के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त .32 बोर की पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए। वहीं उसके साथी दीपक उर्फ क्रिश नागर के पास से एक तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ और निशानदेही के आधार पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली।

पुलिस जांच में सामने आया कि थाना इकोटेक-3 क्षेत्र के ग्राम वेदपुरा में दीपक नागर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। अब तक इस मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि मुख्य आरोपी प्रीत नागर लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार प्रयास कर रही थीं।

पूछताछ के दौरान प्रीत नागर ने हत्या के पीछे की वजह का खुलासा करते हुए बताया कि वर्ष 2011 में उसके पिता कल्लू उर्फ कालू की हत्या हुई थी। उस मामले में मृतक दीपक नागर के पिता आरोपी बनाए गए थे, लेकिन बाद में न्यायालय से बरी हो गए। इसी बात को लेकर वह वर्षों से रंजिश रखे हुए था और बदला लेने की भावना उसके मन में बनी हुई थी। इसी पुरानी दुश्मनी के चलते उसने अपने साथियों के साथ मिलकर दीपक नागर की हत्या की साजिश रची और घटना को अंजाम दिया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश और प्रतिशोध की भावना प्रमुख कारण के रूप में सामने आई है। मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

वेदपुरा हत्याकांड के मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी को गौतमबुद्धनगर पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। लंबे समय से फरार चल रहे इनामी आरोपी को पकड़ने के साथ ही पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हथियार और वाहन भी बरामद कर मामले के महत्वपूर्ण पहलुओं का खुलासा कर दिया है।।