गौतमबुद्धनगर:अहिल्याबाई जयंती पर सलारपुर में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, सैकड़ों लोगों ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण!!
दो टूक//नोएडा, 31 मई। लोकमाता रानी अहिल्याबाई होल्कर की जयंती के अवसर पर सलारपुर स्थित श्री कृष्णा भवन में एक भव्य निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। भारतीय किसान यूनियन एवं अखिल भारतीय गुर्जर महासभा, गौतमबुद्ध नगर के जिलाध्यक्ष अशोक भाटी के नेतृत्व में आयोजित इस जनसेवा कार्यक्रम में सैकड़ों लोगों ने विभिन्न स्वास्थ्य जांचों का लाभ उठाया और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अनंत विभूषित महामंडलेश्वर श्री आदित्य कृष्ण गिरी जी महाराज तथा पूर्व मंत्री एवं अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरिश्चंद्र भाटी ने फीता काटकर किया। इसके बाद अतिथियों ने रानी अहिल्याबाई होल्कर के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर पुष्पांजलि अर्पित की तथा उनके आदर्शों और समाज सेवा के प्रति समर्पण को याद किया।
शिविर में आंखों, दांतों, ब्लड प्रेशर, शुगर, ऑक्सीजन लेवल सहित विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी जांचें निःशुल्क की गईं। इसके अलावा जनरल फिजिशियन द्वारा मरीजों का परीक्षण कर उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श दिया गया। जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं। स्वास्थ्य शिविर में महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं सहित बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि रानी अहिल्याबाई होल्कर का जीवन जनकल्याण, सेवा और समर्पण का प्रतीक रहा है तथा उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाजहित के कार्य किए जाने चाहिए। उन्होंने बताया कि यह चिकित्सा शिविर उनके दादा स्वर्गीय चौधरी दौलत सिंह तथा भाई उमेश चंद्र (पप्पू भाटी) की स्मृति में आयोजित किया गया है।
अशोक भाटी लंबे समय से सामाजिक सरोकारों से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य तथा जनहित से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों की सेवा करते आ रहे हैं। उनके नेतृत्व में आयोजित यह स्वास्थ्य शिविर भी जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का उदाहरण बना। क्षेत्रवासियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए उपयोगी और प्रेरणादायक बताया।
शिविर के सफल आयोजन में क्लियर मेडी हॉस्पिटल, नोएडा की चिकित्सकीय टीम का विशेष सहयोग रहा। चिकित्सकों की टीम में डॉ. अंशुमन शर्मा, डॉ. विपिन चौधरी, डॉ. राहुल कुमार, डॉ. सागर शर्मा, डॉ. काजल, डॉ. लवली सहित विकास, अनुज, अमन, अजय और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।
कार्यक्रम के दौरान अशोक भाटी ने सभी अतिथियों का तिलक, पुष्पमाला और पगड़ी पहनाकर स्वागत किया। समापन पर उन्होंने चिकित्सकों, सहयोगियों एवं उपस्थित जनसमुदाय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी समाजहित में ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे।
इस अवसर पर रवि प्रधान, जलकेश बाबूजी, सुभाष भाटी, जितेंद्र नागर, कुलदीप अवाना, मनोज त्यागी, श्रेयस दीक्षित, संजय फौजी, गजेंद्र रेक्सवाल, चरण सिंह भाटी, सिंहराज गुर्जर, शोभाराम भाटी, कृष्ण भाटी, अजय गुर्जर, सुधीर गुर्जर, राजेश मिश्रा सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
यह आयोजन रानी अहिल्याबाई होल्कर के जनसेवा और लोककल्याण के आदर्शों को समर्पित रहा, जिसमें स्वास्थ्य सेवा के माध्यम से समाज को एक सकारात्मक संदेश देने का सफल प्रयास किया गया।।
