गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में पुलिस-बदमाश मुठभेड़: हत्या का आरोपी मंगेश उर्फ टिल्लू घायल, साथी फरार!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
गौतमबुद्धनगर | 6 मई 2026
दो टूक//ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर क्षेत्र में बुधवार देर रात पुलिस और हत्या के आरोपी के बीच हुई मुठभेड़ में मुख्य अभियुक्त मंगेश उर्फ टिल्लू घायल हो गया, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
पुलिस के अनुसार, 5/6 मई की रात ग्राम साकीपुर में घर के सामने नाली के कचरे को जलाने को लेकर हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस दौरान मंगेश उर्फ टिल्लू (31) ने साजन (25) की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद मृतक के परिजनों की तहरीर पर थाना सूरजपुर में हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित की गईं।
इसी क्रम में थाना सूरजपुर पुलिस मोजरबीयर गोल चक्कर के पास चेकिंग कर रही थी। तभी एक संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन कार सवार बदमाशों ने भागने की कोशिश की और रेलवे लाइन के किनारे कच्चे रास्ते से जंगल की ओर निकल गए। पुलिस ने पीछा किया तो खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें मंगेश उर्फ टिल्लू गोली लगने से घायल हो गया। मौके से पुलिस ने एक अवैध पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और एक i-20 कार बरामद की है।
हालांकि, आरोपी का एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस द्वारा लगातार कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, इस संबंध में थाना सूरजपुर पर मु0अ0सं0 243/2026 के तहत धारा 103(1), 115(2), 352, 351(3) व 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और पूरे मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
