सुल्तानपुर :
आईएमए ने बढ़ाया टीबी मरीजों की ओर मदद का हाथ, 60 रोगियों को वितरित की गई पोषण पोटली।
दो टूक : सुलतानपुर जनपद के विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह की अध्यक्षता एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भारत भूषण के नेतृत्व में टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) द्वारा गोद लिए गए 60 टीबी रोगियों को पोषण पोटली वितरित की गई।
इस अवसर पर आईएमए अध्यक्ष एवं वरिष्ठ सर्जन डॉ. ए.के. सिंह, पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. जे.पी. सिंह, सचिव डॉ. अंकुर सेठ, वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. वी.के. शुक्ला, वरिष्ठ नाक-कान-गला रोग विशेषज्ञ डॉ. शुभाष तथा आर्थोपेडिक सर्जन डॉ. ए पी अरोड़ा डॉ ए एन सिंह डॉ श्री राम गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जिला क्षय रोग अधिकारी आर.के. कनौजिया एवं उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. लाल जी की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।
मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह ने अपने संबोधन में जनपद के सभी अधिकारियों से कम से कम एक टीबी मरीज को गोद लेने का आह्वान करते हुए कहा कि कोई भी विभाग इससे अछूता नहीं रहेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि जनपद के सभी टीबी मरीजों को शत-प्रतिशत गोद दिलाकर सुलतानपुर को टीबी मुक्त बनाया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भारत भूषण ने बताया कि जनपद में 24 मार्च 2026 से 100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके तहत तीन हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीनों के माध्यम से उच्च जोखिम वाले गांवों में एमएमयू वाहन द्वारा स्वास्थ्य शिविर लगाए जा रहे हैं। साथ ही वल्नरेबल आबादी के लोगों का सीने का एक्स-रे तथा लक्षणयुक्त व्यक्तियों के बलगम की जांच नॉट परीक्षण के माध्यम से कराई जा रही है।
कार्यक्रम में डीपीसी विवेक मिश्रा, डीपीटीसी पंकज तिवारी, वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षक सुरेश कुमार, टीबी स्वास्थ्य प्रदर्शन पर्यवेक्षक अरुण कुमार सिंह सहित नन्हे, जुबेर, शहजाद एवं टीबी मुख्यालय के अन्य कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
