गौतमबुद्धनगर: सेक्टर-58 पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय शातिर गिरोह का भंडाफोड़!!
दो टूक//नोएडा पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अन्तर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। थाना सेक्टर-58 पुलिस ने चार शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे और निशानदेही से चोरी की 15 मोटरसाइकिल और स्कूटी बरामद की हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो अवैध चाकू भी बरामद किए हैं।
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की इस कार्रवाई को वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं पर बड़ी सफलता माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि यह गिरोह लंबे समय से दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद समेत पूरे एनसीआर क्षेत्र में सक्रिय था और सुनियोजित तरीके से दोपहिया वाहन चोरी कर उन्हें सस्ते दामों में बेचने का काम करता था।
पलिस के अनुसार, 20 मई 2026 को थाना सेक्टर-58 पुलिस को लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के जरिए सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध युवक सेक्टर-60 स्थित हनुमान मंदिर की ओर मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पुष्पेन्द्र, राजू, ब्रजेश और लोकेश के रूप में हुई है। सभी आरोपी मूल रूप से संभल जनपद के निवासी बताए गए हैं, जबकि वर्तमान में नोएडा और गाजियाबाद में किराये पर रह रहे थे।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे दिन और रात में मौका देखकर भीड़भाड़ वाले इलाकों, मार्केट और रिहायशी क्षेत्रों से बाइक और स्कूटी चोरी करते थे। चोरी के बाद वाहनों को सुनसान जगहों पर छिपाकर रखा जाता था और फिर ग्राहकों से संपर्क कर उन्हें कम कीमत में बेच दिया जाता था।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कुल 15 चोरी की मोटरसाइकिल और स्कूटी बरामद की हैं। बरामद वाहनों में कई बाइक दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद के विभिन्न थाना क्षेत्रों से चोरी की गई थीं, जिनके संबंध में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। बरामद वाहनों में स्प्लेंडर, पैशन प्रो और जूपिटर स्कूटी सहित कई वाहन शामिल हैं।
इसके अलावा पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध चाकू भी बरामद किए हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह के सदस्य काफी समय से वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे और इनके खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों, चोरी के वाहनों की खरीद-फरोख्त करने वाले लोगों और पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि वाहन चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और अपराधियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
