गौतमबुद्धनगर: दीपक हत्याकांड का 24 घंटे में खुलासा: नोएडा पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़, दो गोली लगने से घायल!!
सेक्टर-63 में पुलिस एनकाउंटर, हत्या में शामिल दो बाल अपचारी भी पुलिस हिरासत में
दो टूक//नोएडा के थाना सेक्टर-63 क्षेत्र में युवक दीपक की हत्या के मामले में पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस और बदमाशों के बीच हुई फायरिंग में दो आरोपी गोली लगने से घायल हो गए, जबकि हत्या में शामिल दो बाल अपचारियों को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार, 17 मई 2026 को चोटपुर कॉलोनी निवासी दीपक पुत्र सूरज सिंह (20 वर्ष) पर पैसों के विवाद को लेकर कुछ युवकों ने चाकू से हमला कर दिया था। गंभीर हालत में दीपक को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद थाना सेक्टर-63 पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी थी। दीपक की मौत के बाद मुकदमे में धारा 103(1) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही थी। इसी क्रम में 18 मई की रात बहलोलपुर अंडरपास से एफएनजी रोड की ओर ग्रीन बेल्ट सर्विस रोड पर थाना सेक्टर-63 पुलिस चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया तो आरोपी बाइक मोड़कर भागने लगे।
पुलिस टीम ने पीछा किया तो खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए।
घायल आरोपियों की पहचान अमन पुत्र वीर सिंह, निवासी बुलंदशहर हाल निवासी चोटपुर कॉलोनी सेक्टर-63 तथा संदीप कुमार पुत्र संजय सिंह, निवासी बुलंदशहर हाल निवासी चोटपुर कॉलोनी सेक्टर-63 के रूप में हुई है। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वहीं, हत्या की वारदात में शामिल दो अन्य आरोपियों की पहचान बाल अपचारी के रूप में हुई है। पुलिस ने कॉम्बिंग अभियान चलाकर दोनों को भी अभिरक्षा में ले लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन अवैध तमंचे, दो खोखा कारतूस, चार जिंदा कारतूस, एक चाकू और दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं। बरामद मोटरसाइकिलों के नंबर यूपी 16 ईएफ 3897 और यूपी 16 ईयू 947 बताए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दीपक हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
