रविवार, 10 मई 2026

आजमगढ़ : स्व कैफ़ी आज़मी की 24वीं पुण्यतिथि पर मिजवाँ में भावभीनी श्रद्धांजलि ,विचारों, ग़ज़लों और संकल्पों से गूँजी फतेह मंजिल

शेयर करें:
  
 ।।सिद्धेश्वर पाण्डेय।।
 दो टूक ,आज़मगढ़ । प्रगतिशील शायर और मिजवाँ की माटी के गौरव स्वर्गीय कैफ़ी आज़मी की 24वीं पुण्यतिथि पर मिजवाँ वेलफेयर सोसाइटी के तत्वावधान में फतेह मंजिल मिजवाँ में एक भावपूर्ण स्मृति कार्यक्रम आयोजित किया गया। कैफ़ी साहब के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ, जिसने पूरे वातावरण को श्रद्धा और संवेदनाओं से भर दिया।
डारीडीह एवं मिजवाँ ग्राम प्रधान राहुल, मिजवाँ वेलफेयर सोसाइटी की बोर्ड मेंबर संयोगिता, मुख्य कार्यकारी अधिकारी गुरजीत कौर, वरिष्ठ कार्यक्रम प्रबंधक सलीम ख़ान तथा उपप्रबंधक मनोज कुमार प्रजापति ने अपने प्रेरणादायी विचारों के माध्यम से कैफ़ी साहब के व्यक्तित्व, साहित्य और सामाजिक योगदान को स्मरण किया।
कार्यक्रम का सबसे भावुक क्षण तब आया जब जितेंद्र पांडेय ने कैफ़ी साहब से जुड़ी व्यक्तिगत स्मृतियाँ और उनके जीवन दृष्टिकोण को साझा किया। उनके संस्मरणों ने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया।
साहित्यप्रेमियों द्वारा कैफ़ी साहब की ग़ज़लों का भावपूर्ण पाठ भी किया गया। इस अवसर पर गुरजीत कौर ने कहा —
“मिजवाँ की हर बेटी की पढ़ाई ही कैफ़ी साहब को सच्ची श्रद्धांजलि है।”
कार्यक्रम का समापन प्रेरक शायरी एवं जलपान के साथ हुआ। यह आयोजन इस बात का प्रमाण बना कि कैफ़ी साहब के विचार, उनकी ग़ज़लें और उनका सपना आज भी मिजवाँ की माटी में उतनी ही शिद्दत से जीवित हैं।
इस अवसर पर राजेश यादव, नज़ीश, लल्लन, सुरेश, चंद्रेश, नीरज, ओमप्रकाश, संदीप, सुरेंद्र, रामफेर, संतरा एवं जुगुंतरा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।