गौतमबुद्धनगर: मोबाइल टावरों पर सक्रिय चोर गिरोह का पर्दाफाश: सेक्टर-113 पुलिस ने 2 शातिर गिरफ्तार, चोरी की RRU मशीनें व अवैध हथियार बरामद!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
नोएडा, 03 मई 2026
दो टूक// नोएडा थाना सेक्टर-113 नोएडा पुलिस एवं सी.आर.टी. टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मोबाइल टावरों से महंगे उपकरण चोरी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की दो आर.आर.यू. (Remote Radio Unit) मशीनें, दो अवैध चाकू तथा वारदात में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 02 मई 2026 को लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग की मदद से एफएनजी सर्विस रोड, सेक्टर-122 कट के पास चेकिंग के दौरान अभियुक्त इमरान और दिपान्शु को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान इनके पास से मोबाइल टावरों से चोरी की गई 02 आर.आर.यू. मशीनें, 02 अवैध चाकू तथा एक हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल (नंबर UP14CU7060) बरामद हुई।
पूछताछ में अभियुक्तों ने खुलासा किया कि वे सुनसान स्थानों और ग्रीन बेल्ट में लगे मोबाइल टावरों को निशाना बनाते थे। मौका पाकर टावरों पर लगे महंगे आर.आर.यू. उपकरण चोरी कर उन्हें दिल्ली के कबाड़ियों को बेच देते थे। बरामद की गई मशीनें भी 2-3 दिन पूर्व ही चोरी की गई थीं।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान इमरान (24 वर्ष), निवासी शाहपुर रझैड़ा, जिला अमरोहा एवं दिपान्शु (21 वर्ष), निवासी ग्राम स्वाना, गाजियाबाद के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं, जिससे इनके पेशेवर अपराधी होने की पुष्टि होती है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई क्षेत्र में बढ़ रही टावर उपकरण चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण सफलता है। साथ ही, इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और कबाड़ी नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की इस तत्पर कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने में मदद मिलेगी तथा संगठित अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित होगा।।
